भोटेकोशी भीषण बाढ़ में मरने वालों की संख्या 1,114 हुई, 3,916 लोग अब भी लापता

काठमांडू, 02 सितंबर (वार्ता) नेपाल में गत 26 अगस्त को आई भोटेकोशी नदी की विनाशकारी बाढ़ में मरने वालों की संख्या बढ़कर 1,114 हो गई है और 3,916 लोग अभी भी लापता हैं। इस विनाशकारी हादसे के बाद अब तक कुल 11,993 लोगों को सुरक्षित निकाला जा चुका है। इस बाढ़ ने भोटेकोशी और त्रिशूली नदी प्रणालियों के आसपास के कई जिलों को बुरी तरह प्रभावित किया है। नेपाल के राष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण और प्रबंधन प्राधिकरण के प्रवक्ता शांति महत ने बताया कि खोज और बचाव अभियानों के लिए नेपाल पुलिस, नेपाल सेना और सशस्त्र पुलिस बल के 21,314 सुरक्षा कर्मियों को तैनात किया गया है।

प्रभावित क्षेत्रों में 37 ट्रकों और 37 छोटे वाहनों के माध्यम से आवश्यक खाद्य सामग्री भेजी गई है, जबकि राहत सामग्री हवाई मार्ग से बाढ़ पीड़ितों तक पहुंचाई जा रही है। सरकार ने अब तक 15 बाढ़ प्रभावित नगरपालिकाओं के लिए 6.75 करोड़ रुपये जारी किए हैं। इसके अलावा रसुवा, नुवाकोट और धाडिंग में ईंधन आपूर्ति सुनिश्चित करने और संचार सेवाएं बहाल करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह ने मंगलवार को कहा कि रसुवा में भोटेकोशी नदी में आई यह तबाही जलवायु परिवर्तन से जुड़ी हुई है और उन्होंने हिमालयी क्षेत्र में बढ़ते जलवायु जोखिमों पर वैश्विक प्रतिक्रिया का आह्वान किया। मंगलवार को एक सोशल मीडिया पोस्ट में उन्होंने कहा कि हिमालय के तापमान में 1.8 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि ने इस आपदा में योगदान दिया है। विशेषज्ञों का मानना है कि बर्फ और चट्टानों के एक बड़े हिस्से के काफी ऊंचाई से गिरने के कारण यह भीषण बाढ़ आई, जिसने नीचे की ओर भारी तबाही मचाई। प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार का ध्यान अब खोज, बचाव और राहत से हटाकर पुनर्वास की ओर केंद्रित हो गया है। वर्तमान में नुवाकोट के 19 अस्थायी शिविरों में 2,653 लोग शरण लिए हुए हैं, जिनमें रसुवा से विस्थापित हुए लोग भी शामिल हैं।

.....

Next Post

पत्नी से विवाद के बाद घर से निकला व्यापारी, दो दिन बाद गोदाम में मृत मिला

Wed Sep 2 , 2026
इंदौर: सेठी नगर में नमक व्यापारी ने पत्नी से विवाद के बाद अपने गोदाम में जहर खा लिया. दो दिन बाद कर्मचारी काम पर पहुंचे तो व्यापारी मृत अवस्था में मिला, पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की है.कर्बला मैदान के पास रहने वाले सत्य प्रकाश पिता केशव सिंह […]

You May Like