नयी दिल्ली, 25 फरवरी (वार्ता) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को कहा कि राष्ट्रीय राजधानी को बेहतर, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने के लिए कई ठोस कदम उठाए गए हैं।
श्रीमती गुप्ता ने आज पूर्वी दिल्ली में आयोजित जनसभा और ‘प्रवास’ कार्यक्रम में कहा कि ‘विकसित दिल्ली’ का संकल्प पूरा करने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है। भाजपा के नेतृत्व वाली दिल्ली सरकार के एक वर्ष पूरे होने पर उन्होंने ‘पहला कदम बदलाव का, 1 साल विकास का’ का संदेश दोहराया। मुख्यमंत्री ने जनता के सामने एक वर्ष के कामों का रिपोर्ट कार्ड रखा और कहा कि दिल्ली को बेहतर, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने के लिए कई ठोस कदम उठाए गए हैं।
उन्होंने कहा कि उनकी सरकार केवल शासन करने के लिए नहीं, बल्कि जनता की सेवा के लिए काम कर रही है। उन्होंने बताया कि पिछले एक वर्ष में सरकार ने लगातार जमीनी स्तर पर काम किया है और स्वास्थ्य, शिक्षा, सुगम यातायात और साफ पेयजल जैसी जरूरी सुविधाओं को प्राथमिकता दी है।
मुख्यमंत्री ने जोर दिया कि यह एक वर्ष की विकास यात्रा एक ऐसी ‘आदर्श राजधानी’ की नींव है, जो खुशहाल, समृद्ध, हरित और आधुनिक सुविधाओं से लैस होगी। इस विजन में पूर्वी दिल्ली लोकसभा क्षेत्र की भूमिका सबसे अहम रहने वाली है, जिसे आने वाले समय में विकास के वैश्विक मानचित्र पर स्थापित किया जाएगा।
इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा, उत्तर पश्चिमी दिल्ली के सांसद योगेंद्र चंदोलिया, विश्वास नगर के विधायक ओम प्रकाश शर्मा, गांधी नगर के विधायक अरविंदर सिंह लवली, जंगपुरा के विधायक तरविंदर सिंह मारवाह, कृष्णा नगर के विधायक अनिल गोयल, शाहदरा के विधायक संजय गोयल, पटपड़गंज के विधायक रविन्द्र नेगी, त्रिलोकपुरी के विधायक रवि कांत, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा, प्रदेश महामंत्री विष्णु मित्तल और भाजपा के पदाधिकारीगण सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक उपस्थित थे।
