
बैतूल। शाम सडक़ हादसे में निजी बैंक के कर्मचारी 32 वर्षीय आशीष रावन्दे की मौत हो गई। चिचोली से बाइक से अपने गांव धामोरी लौटते समय अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी थी। गंभीर हालत में उन्हें बैतूल से भोपाल एम्स रेफर किया गया था, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जानकारी के अनुसार, आशीष मंगलवार शाम चिचोली से अपनी बाइक पर सवार होकर गृहग्राम धामोरी लौट रहे थे। इसी दौरान हिवरखेड़ी के पास किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। राहगीरों ने खून से लथपथ आशीष को सडक़ पर देखा और तत्काल एंबुलेंस बुलाकर बैतूल जिला अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें देर रात भोपाल रेफर कर दिया, लेकिन भोपाल एम्स पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस दुखद घटना के बाद से मृतक के परिवार और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने बताया कि आशीष चिचोली स्थित यस बैंक में रिकवरी ऑफिसर के पद पर कार्यरत थे। महज 15 दिन पहले ही भोगी टेढा गांव में उनकी सगाई हुई थी। घर में नई बहू के आने और शादी की खुशियों को लेकर दोनों परिवार तैयारियों में लगे हुए थे, लेकिन इस हादसे ने पल भर में सारी खुशियां छीन लीं। बुधवार को भोपाल एम्स से शव वापस बैतूल जिला अस्पताल लाया गया, जहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। फिलहाल, पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर लिया है और टक्कर मारने वाले अज्ञात वाहन की सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है। दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस जांच में जुटी हुई है।
