दुबई, 25 फरवरी (वार्ता) अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की बुधवार को जारी ताजा टी-20 रैंकिंग में भारतीय सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा और स्पिन गेंदबाज वरुण चक्रवर्ती शीर्ष पर बने हुए हैं।
आईसीसी की आज जारी रैंकिंग के अनुसार भारत और श्रीलंका की मेजबानी में चल रहे टी-20 विश्वकप में अभिषेक शर्मा खराब फॉर्म के बावजूद टी-20 बल्लेबाजी रैंकिंग में शीर्ष पर है। वहीं दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ महंगे प्रदर्शन के बावजूद स्पिनर वरुण चक्रवर्ती भी गेंदबाजी रैंकिंग में भी शीर्ष पर बने हुए है। इसके अलावा इशान आईसीसी पुरुष टी-20 रैंकिंग में तीन पायदान की छलांग के साथ पांचवें स्थान पर पहुंच गये है जबकि भारत के शिवम दुबे दो स्थान ऊपर चढ़कर सातवें पर पहुंच गये हैं।
जिम्बाब्वे के सिंकटर रजा ने टी-20 विश्वकप में अपने शानदार प्रदर्शन की बदौलत ऑलराउंडर्स रैंकिंग में फिर से नंबर वन स्थान हासिल कर लिया है। रजा ने जिम्बाब्वे को सुपर आठ में पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई, कोलंबो में श्रीलंका के खिलाफ 45 और मुंबई में वेस्टइंडीज के खिलाफ 27 रन बनाए, जिससे वह ताजा रैंकिंग अपडेट में ऑल-राउंडर्स की लिस्ट में पाकिस्तान के सैम अयूब को पीछे छोड़कर शीर्ष पर पहुंच गए। अफगानिस्तान के अनुभवी मोहम्मद नबी तीन स्थान ऊपर चढ़कर आठवें स्थान पर पहुंच गए हैं।
बल्लेबाजी रैंकिंग में इंग्लैंड के फिल साल्ट दूसरे नंबर पर बने हुए हैं, जबकि पाकिस्तान के ओपनर साहिबजादा फरहान दो पायदान ऊपर चढ़कर तीसरे नंबर पर आ गए हैं। टूर्नामेंट में सबसे अधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी बनने के बाद उन्होंने अपने करियर की सबसे अच्छी रेटिंग हासिल की है। दक्षिण अफ्रीका के डेवाल्ड ब्रेविस 10 पायदान ऊपर चढ़कर नौवें नंबर पर आ गए हैं।अफगानिस्तान के इब्राहिम जदरान (13वें), वेस्टइंडीज़ के कप्तान शाई होप (14वें) और इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक (18वें) को भी फायदा हुआ है।
दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज कॉर्बिन बॉश ने सबसे बड़ा सुधार किया है। वे यूएई के खिलाफ तीन विकेट लेने और भारत के खिलाफ 12 रन देकर दो विकेट के शानदार प्रदर्शन के बाद 21 पायदान ऊपर चढ़कर तीसरे नंबर पर आ गए हैं। वेस्टइंडीज के तेज गेंदबाज मैथ्यू फोर्ड 23 पायदान चढ़कर सातवें नंबर पर आ गए हैं, जबकि भारत के जसप्रीत बुमराह सात पायदान चढ़कर आठवें नंबर पर आ गए हैं। दक्षिण अफ्रीका के मार्को यानसन, वेस्टइंडीज के स्पिनर गुडाकेश मोती और इंग्लैंड के लियाम डॉसन ने भी ताजा रैंकिंग में काफी तरक्की की है।
