
नरसिंहपुर। पश्चिम मध्य रेलवे के जबलपुर मंडल के अंतर्गत नरसिंहपुर स्टेशन में 29 अप्रैल बुधवार को एक यात्री को समय पर चिकित्सीय सहायता प्रदान कर उसकी स्थिति को नियंत्रित किया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार ट्रेन संख्या 12577 बागमती एक्सप्रेस में यात्रा कर रहे यात्री रामलाल 22 वर्ष कोच संख्या S-4 की सीट संख्या 1 जो बरौनी, बिहार से बेंगलुरु की यात्रा पर थे, को यात्रा के दौरान पैर के अंगूठे में गंभीर चोट लग गई, जिससे अत्यधिक रक्तस्राव हो रहा था। इस संबंध में डिप्टी स्टेशन सुपरिटेंडेंट (कमर्शियल), नरसिंहपुर को सूचना प्राप्त हुई। ट्रेन के नरसिंहपुर स्टेशन पहुंचते ही रेलवे अस्पताल के चिकित्सक डॉ. आर.आर. कुर्रे द्वारा तत्काल कार्रवाई करते हुए घायल यात्री का प्राथमिक उपचार (ड्रेसिंग) किया गया एवं आवश्यक दवाइयां प्रदान की गईं। समय पर किए गए उपचार से यात्री की स्थिति को स्थिर किया गया।
गेट पर बैठा था यात्री
पूछताछ के दौरान यात्री ने बताया कि चलती ट्रेन के गेट पर बैठकर यात्रा करने के कारण यह दुर्घटना हुई। इस पर रेलवे चिकित्सक द्वारा यात्रियों को सलाह दी गई कि इस प्रकार की लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है, अतः किसी भी परिस्थिति में चलती ट्रेन के दरवाजे पर बैठकर यात्रा न करें और न ही चढ़ने-उतरने का प्रयास करें। इसके साथ ही ग्रीष्मकाल को ध्यान में रखते हुए यात्रियों को लू एवं सन स्ट्रोक से बचाव हेतु पर्याप्त पानी, ओआरएस, शिकंजी, जीरा पानी एवं नारियल पानी का सेवन करने की सलाह दी गई।
