हाथ ठेला खींच रहा मजदूर हुआ बेसुध, मौत

सतना : हाथ ठेला में सामान लादकर किराने की दुकान तक पहुंचाने जा रहे मजदूर को रास्ते में अचानक चक्कर आ गया. बेसुध होकर गिर जाने के कारण आस पास के लोगों मदद करते हुए अस्पताल पहुंचाया. जहां पर जांच करने पर ड्यूटी डॉक्टर द्वारा मृत घोषित कर दिया गया.प्राप्त जानकारी के अनुसार शहर से सटे क्षेत्र कुडिय़ा गांव के निवासी 55 वर्षीय बाबूलाल साहू पिछले लगभग 15 वर्षों से शहर में मजदूरी का काम कर रहे थे. बाबूलाल हाथ ठेले के माध्यम से माल ढुलाई का काम करते थे.

दिन भर हाथ ठेला पर सामान ढोते हुए उसे संबंधित प्रतिष्ठानों तक पहुंचाने के बाद रात होने पर अपने घर चले जाते थे. इसी कड़ी में रात के लगभग 11 बजे लालता चौक स्थित एक प्रतिष्ठान के गोदाम से उन्होंने साबूदाने की बोरियां उठाईं. जिन्हें ठेले पर लादने के बाद वे उन बोरियों को कंपनी बाग क्षेत्र में स्थित एक किराना दुकान तक पहुंचाने के लिए निकल पड़े. बताया गया कि हाथ ठेला खींचने के दौरान रास्ते में उन्हें अचानक चक्कर आया और देखते ही देखते वे बेसुध होकर नीचे गिर गए. उनकी हालत देखकर आस पास मौजूद लोग भाग कर उनके पास पहुंचे और उनकी मदद करते हुए होश में लाने का प्रयास करने लगे.

लेकिन इसके बावजूद भी जब उन्हें होश नहीं आया तो फौरन उपचार के लिए जिला चिकित्सालय भेजा गया. जहां पर जांच करने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृ़त घोषित कर दिया. घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी भेज दिया. वहीं घटना की जानकारी मिलने पर परिजनों के बीच कोहराम मच गया. परिजन बिलखते हुए अस्पताल पहुंचे और सिसकते हुए बताया कि काम समाप्त कर बाबूलाल घर पहुंचने वाले थे. लेकिन उन्हें मालुम नहीं था कि वे घर पहुंच ही नहीं पाएंगे. पुलिस के अनुसार हलांकि प्रथम दृष्ट्या हार्ट अटैक की संभावना चिकित्सकों द्वारा जताई जा रही है. लेकिन विस्तृत पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने पर ही वास्तविक कारण सामने आ सकेगा

Next Post

मैहर मेले में 2 श्रद्धालुओं की तबियत बिगड़ी, 2 घायल

Mon Mar 23 , 2026
सतना :चैत्र नवरात्रि के अवसर पर मैहर स्थित मां शारदा का दर्शन करने के लिए हर रोज 1 लाख से अधिक श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है. मैहर मेला परिसर में जबरदस्त भीड़ के बीच फंसकर 2 श्रद्धालुओं की तबियत बिगड़ गई. इसके साथ ही 2 श्रद्धालु गिरकर घायल हो […]

You May Like