सतना :चैत्र नवरात्रि के अवसर पर मैहर स्थित मां शारदा का दर्शन करने के लिए हर रोज 1 लाख से अधिक श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है. मैहर मेला परिसर में जबरदस्त भीड़ के बीच फंसकर 2 श्रद्धालुओं की तबियत बिगड़ गई. इसके साथ ही 2 श्रद्धालु गिरकर घायल हो गए. यह तो गनीमत रही कि मौके पर मौजूद स्वास्थ्य टीम द्वारा त्वरित उपचार करने के बाद उन्हें आगे के उपचार के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया. जिसके चलते कुछ देर बाद उनकी हालत सामान्य हो गई.
प्राप्त जानकारी के अनुसार ललितपुर उप्र की निवासी 15 वर्षीय बालिका अपने परिजनों के साथ मैहर स्थित मां शारदा का दर्शन करने के लिए आई थी. मंदिर मेला क्षेत्र में काफी देर तक लाइन में लगे रहने और भीड़ भाड़ की वजह से उसे अचानक एपिलेप्टिक सीजर यानी उल्टी और मानसिक तौर पर विचलित होने की शिकायत शुरु हो गई. जिसे देखते हुए परिजन सहित आस पास के लोग फौरन ही बालिका को मेला क्षेत्र में मौजूद स्वास्थ्य टीम के पास ले गए.
जहां पर मौजूद डॉ. सौरभ सिंह तिवारी और डॉ. संतोष कुमार जाटव सहित मेडिकल टीम द्वारा त्वरित उपचार शुरु किया गया. हालत में सुधार होता देख बालिका को मानसिक परामर्श देने के बाद आगे के उपचार के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया गया. इसी तरह की अन्य घटना सतना के सोहावल ब्लाक अंतर्गत श्रीनगर गांव के निवासी 6 वर्षीय बालक के साथ हुई. मंदिर में देवी दर्शन करने के बाद परिजनों के साथ लौटते समय भीड़ का धक्का लगने के कारण बालक गिरकर घायल हो गया. जिसे उपचार के लिए मेला कार्यालय लाया गया. जहां पर मौजूद चिकित्सकों द्वारा उसकी मरहम-पट्टी करते हुए उपचार किया. उपचार के बाद दोनों ही बच्चों की हालत में सुधार होने लगा.
चक्कर खाकर गिरा श्रद्धालु
प्रयागराज उप्र के मधोमई गांव के निवासी और 48 वर्षीय लालता सोनकर जैसे ही प्रथम तल पर पहुंचे वैसे ही उन्हें अचानक चक्कर आने लगा और देखते ही देखते वे गिर गए. उनकी हालत को देखते हुए फौरन उन्हें स्वास्थ्य टीम के पास पहुंचाया गया. मेला प्रभारी डॉ. पीयूष पाण्डेय के अनुसार मरीज का रक्त चाप 158/86 और नाड़ी की दर 104 प्रति मिनट पाई गई. जिसे देखते हुए स्वास्थ्य टीम ने फौरन ही उनका उपचार शुरु किया. हालत में सुधार आने पर मरीज को फौरन ही सिविल अस्पताल ले जाया गया. जहां पर उपचार के बाद उनका स्वास्थ्स सुधर गया.
सिर में आई गंभीर चोट
दमोह निवासी विकास चौबे अपने परिवार के साथ मां शारदा देवी का दर्शन करने के लिए मैहर पहुंचे थे. बताया गया कि रोपवे प्वाइंट पर स्थित बाथरुम में जाने के दौरान अचानक उनका पैर फिसल गया. जिसके चलते गिर जाने के कारण उनके सिर में गंभीर चोट आ गई. घायल मरीज की हालत देख आस पास के लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई. डॉ. पीयूष पाण्डेय के अनुसार मेला क्षेत्र में मौजूद स्वास्थ्य टीम ने आनन-फानन में मरीज का प्राथमिक उपचार किया. जिसके बाद उन्हें सिविल अस्पताल भेज दिया गया. जहां पर उपचार के बाद उनकी हालत में सुधा आना बताया गया.
