सतना: कोलगवां थाना क्षेत्र अंतर्गत कृपालपुर में शनिवार देर रात एक सडक़ हादसे में एक युवक की मौत हो गई। सतना-रीवा ओल्ड हाईवे पर कृपालपुर के पास एक तेज रफ्तार हाइवा ने सडक़ पार कर रहे युवक को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान कृपालपुर निवासी 30 वर्षीय मिंटू विश्वकर्मा के रूप में हुई है। यह घटना रात लगभग 11:30 बजे हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रीवा की ओर से आ रहे हाइवा क्रमांक सीजी 05 क्कस्न 1923 ने मिंटू को रौंद दिया। बताया जा रहा है कि मिंटू विश्वकर्मा खाना खाने के बाद टहलने के लिए घर से कुछ ही दूरी पर निकला था, तभी यह हादसा हो गया।
हादसे के बाद हाइवा अनियंत्रित होकर सडक़ से उतर गया और दुर्घटनाग्रस्त हो गया। चालक वाहन छोडक़र मौके से फरार हो गया।
राहगीरों की सूचना पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने पंचनामा तैयार कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार हाइवा चालक की तलाश जारी है।
