भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अंग्रेजी नववर्ष 2026 के अवसर पर प्रदेश के समस्त नागरिकों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कामना की कि नया वर्ष सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और विकास के नए अवसर लेकर आए।इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने समृद्ध किसान-समृद्ध प्रदेश थीम पर आधारित राज्य शासन के वर्ष 2026 के कैलेंडर और डायरी का भी विमोचन किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसान प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और उनके सशक्तिकरण से ही राज्य का समग्र विकास संभव है। कैलेंडर और डायरी में कृषि, ग्रामीण विकास, नवाचार और जनकल्याणकारी योजनाओं की झलक को प्रमुखता से दर्शाया गया है।मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि वर्ष 2026 प्रदेश के लिए प्रगति, सुशासन और जनकल्याण की नई उपलब्धियां लेकर आएगा तथा सरकार किसानों, युवाओं और समाज के हर वर्ग के हित में निरंतर कार्य करती रहेगी।
