
छतरपुर। जिले के मातगुवां थाना क्षेत्र के ग्राम बजरंगगढ़ (बूदौर) में धोखाधड़ी का गंभीर मामला सामने आया है। गांव निवासी 54 वर्षीय अशिक्षित और आर्थिक रूप से कमजोर बुजुर्ग किशोरीलाल सेन ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती आवेदन सौंपकर न्याय की मांग की है। पीड़ित का आरोप है कि गांव के ही राकेश यादव ने उन्हें बैंक से होम लोन दिलाने का झांसा देकर 21 अप्रैल 2026 को उप-पंजीयक कार्यालय छतरपुर में उनके पैतृक और प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बन रहे मकान का रजिस्टर्ड विक्रय-पत्र अपने पक्ष में करा लिया।
पीड़ित का कहना है कि उन्हें इस सौदे के एवज में कोई राशि नहीं दी गई और उन्हें दस्तावेजों की वास्तविक जानकारी भी नहीं थी। मामले का खुलासा तब हुआ जब आरोपी मकान पर कब्जा करने पहुंचा। विरोध करने पर आरोपी ने कथित तौर पर राजनीतिक प्रभाव और रिश्तेदारी का हवाला देते हुए धमकियां दीं।
किशोरीलाल सेन ने आरोप लगाया है कि आरोपी ने उन्हें, उनके बेटे पप्पू सेन और पूरे परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने तथा जान से मारने की धमकी दी है। इससे परिवार दहशत में है। पीड़ित ने एसपी कार्यालय पहुंचकर आरोपी के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज करने, सख्त कार्रवाई करने और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
फिलहाल पुलिस को आवेदन सौंप दिया गया है और मामले में जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
