इंदौर: शहर के मालवीय नगर स्थित कोसमोस ग्रीन होटल में शनिवार देर रात एक विवाद ने मारपीट का रूप ले लिया. पत्नी को होटल में परेशान किए जाने की सूचना पर पहुंचे युवक से चार युवकों ने गाली-गलौज और मारपीट की, जिससे वह घायल हो गया.28 वर्षीय फरियादी मनीष कुंडल निवासी लिमफलिया, जिला झाबुआ ने बताया कि रात करीब साढ़े बारह बजे उसकी पत्नी का फोन आया कि कोई व्यक्ति कमरे का दरवाजा खटखटा रहा है.
वह अपने दोस्तों विवेक नायक और भव्य नायक के साथ तुरंत होटल पहुंचा. पत्नी ने बताया कि दरवाजा नहीं खोला था, लेकिन शक है कि पास के कमरे में ठहरे लड़के ही ऐसा कर रहे थे. जब मनीष ने उन युवकों से पूछताछ की तो कमरे में मौजूद अभिषेक त्रिपाठी, प्रज्वल रिछारिया और देवांश सिंह तोमर ने गाली-गलौज शुरू कर दी. मना करने पर आरोपियों ने मनीष के साथ धक्कामुक्की और हाथापाई की, जिससे उसके सिर और आंख में चोटें आईं. विजयनगर पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, पुलिस होटल के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है ताकि घटना का पूरा क्रम स्पष्ट हो सके.
