
विदिशा। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने शनिवार को विदिशा जिले को विकास की सौगात देते हुए सिंगल क्लिक के माध्यम से 163.62 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 97 विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को हितलाभ भी वितरित किए।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने प्रदेश की पहली जिला स्तरीय फिंगर प्रिंट लैब का भी शुभारंभ किया। इस प्रयोगशाला के शुरू होने से अपराधों की वैज्ञानिक जांच में तेजी आएगी और पुलिस को साक्ष्य जुटाने में आधुनिक तकनीकी सहायता मिल सकेगी।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के समग्र विकास और आमजन के जीवन को बेहतर बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के माध्यम से क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा और स्थानीय लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों से जुड़े निर्माण कार्यों के साथ सामाजिक सुरक्षा और जनकल्याणकारी योजनाओं के हितग्राहियों को भी लाभ प्रदान किया गया। इससे जिले में विकास और जनसेवा के कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद है।
