जबलपुर: कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह की अध्यक्षता में आज जल जीवन मिशन के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान उन्होंने मिशन के अंतर्गत संचालित नलजल योजनाओं की प्रगति का बारीकी से जायजा लिया। साथ ही जल निगम द्वारा प्रगतिरत कार्यों की भी जानकारी ली गई। कलेक्टर ने पड़वार-पड़रिया समूह जल प्रदाय योजना में निर्माण कार्य में अपेक्षित प्रगति समय पर नहीं होने पर उन्होंने नाराजगी भी व्यक्त की।
जानकारी के अनुसार इस मौके पर कलेक्टर ने संबंधित ठेकेदार से दो टूक कहा कि कार्य में तेजी लायें और मजदूरों की संख्या बढ़ाकर काम को प्राथमिकता के साथ पूरा करें। इसके साथ ही उन्होंने पायली समूह के ठेकेदार को भी पूरी मेहनत के साथ जल्द से जल्द काम पूरा करने के निर्देश दिये। बैठक में जबलपुर जल प्रदाय व पायली जल प्रदाय योजना अंतर्गत किये जा रहे कार्यो की भी जानकारी ली।
कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने बैठक में नवीन व रेट्रोफिटिंग स्वीकृति के लिए बची हुई योजनाओं और पुनरीक्षित जल प्रदाय योजनाओं की भी समीक्षा की गई। उन्होंने मैकेनिकल विंग द्वारा विभिन्न बसाहटों में किए जा रहे कार्यों और शेष बचे गांवों की स्थिति देखते हुए अधिकारियों को समय-सीमा में काम पूरा करने के लिए कहा।
ग्रामीण अंचलों में भी फोकस
इस दौरान कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने ये भी कहा कि पेयजल व्यवस्था को लेकर गंभीरता से विचार करें और इस दिशा में प्रभावी कार्यवाही करें। उन्होंने जिले के सभी विकासखंडवार जनपद पंचायतों के अधिकारियों से ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल और हैंडपंपों की वर्तमान स्थिति की समीक्षा कर कहा कि सभी ग्राम पंचायतों में पेयजल सुविधा उपलब्ध करायें।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ अभिषेक गहलोत सहित लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी व जल निगम के अधिकारी और ठेकेदार उपस्थित रहे।
