सतना :राज्य शिक्षा केन्द्र के तत्वाधान में कक्षा 2 से कक्षा 8वीं तक के विद्यार्थियों की 16 जनवरी 2026 को हुई जिला स्तरीय ओलम्पियाड प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल करने वाले छात्र प्रतियोगियों को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष सतना में समारोहपूर्वक सम्मानित किया गया। जिला पंचायत अध्यक्ष रामखेलावन कोल, कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस, उपाध्यक्ष सुस्मिता सिंह, जिला पंचायत सदस्य संजय सिंह कछवाह, और सीईओ जिला पंचायत शैलेन्द्र सिंह ने सतना जिले के विभिन्न 11 विषयों की ओलम्पियाड जिला स्तरीय प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पाने वाले 11 विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र, पुरूस्कार किट एवं कप प्रदान कर सम्मानित किया।
जिला पंचायत अध्यक्ष रामखेलावन कोल ने कहा कि मेधावी बच्चों के सम्मान और प्रोत्साहन के लिए सरकार अनेक योजनायें संचालित कर रही है। विद्यार्थियों के साथ ही उनके माता-पिता और मार्गदर्शी शिक्षकों को भी सम्मानित किया जा रहा है ताकि अन्य छात्र और शिक्षक इनसे प्रेरणा ले सके। कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस ने बच्चों को सफलता के मूल मंत्र देते हुए कहा कि हिम्मत रखे और हार नहीं माने के मूल मंत्र को सामने रखकर जीवन के पथ पर आगे बढे तो सफलता निश्चित ही मिलती है।
कलेक्टर ने उचवां टोला के प्राथमिक शाला के बच्चों को लगभग 14 वर्षो तक अपना निजी भवन स्कूल के उपयोग के लिए देने वाले रामसज्जन मल्लाह की सराहना करते हुए बताया कि उंचवा टोला के प्राथमिक शाला के लिए भवन स्वीकृत कर कार्य प्रारंभ किया जा रहा है। अगले शिक्षा सत्र में नये भवन में शाला शुरू करने का प्रयास किया जायेगा। उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में सराहनीय योगदान के लिए शशांक सिंह का भी आभार व्यक्त किया। जिला पंचायत उपाध्यक्ष सुस्मिता सिंह ने कहा कि रामसज्जन और शशांक सिंह का शिक्षा के क्षेत्र में योगदान प्रेरणा का माध्यम बनेगा।
डीपीसी विष्णु त्रिपाठी ने बताया कि ओलम्पियाड परीक्षा के लिए जिले में 26 हजार बच्चों ने आनलाइन रजिस्ट्रेशन कराया था। जिले के 65 जन शिक्षा केन्द्र पर हुई ओलम्पियाड परीक्षा में 18 नवम्बर 2025 को 20 हजार 85 छात्र कक्षा 2 से कक्षा 8 तक के शामिल हुए। जिला स्तर पर ओलम्पियाड परीक्षा में 16-17 जनवरी 2026 को 3743 बच्चे शामिल हुए। जिनमें जिला स्तर पर अलग-अलग विषयों में 10 बच्चों ने प्रथम स्थान हासिल किया।
इनमें नागौद की दीपाली विश्वकर्मा 2 विषयों में प्रथम स्थान पर रही। इस प्रकार 11 विषयों में प्रथम स्थान पाने वाले 11 विद्यार्थियों को पुरूस्कृत किया गया। जिनमें मझगवां विकासखण्ड से हिमांशु पटेल, मुकुल शुक्ला, आशीष कुमार पाल, नागौद से जीतिका कुशवाहा, दीपाली विश्वकर्मा, रीना लोधी, सोहावल से दिव्य ज्योति तिवारी, राधा विश्वकर्मा, अनमोल पाठक, उचेहरा से कैलाश प्रजापति, उनके माता-पिता और मार्गदर्शी शिक्षक को सम्मानित किया गया। इस मौके पर संदीप कुमार पाण्डेय, बीआरसी दिवाकर तिवारी, दिवाकर सिंह, रमाकांत तिवारी उपस्थित रहे
