‘मोहब्बतें’ से रातों-रात स्टार बनीं किम शर्मा का करियर उम्मीदों के मुताबिक आगे नहीं बढ़ सका। आज धर्मा कॉर्नरस्टोन एजेंसी में एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट के तौर पर काम कर रही हैं।
साल 2000 में रिलीज हुई आदित्य चोपड़ा की मल्टीस्टारर फिल्म ‘मोहब्बतें’ ने बॉलीवुड को कई नए चेहरे दिए। शाहरुख खान, अमिताभ बच्चन और ऐश्वर्या राय जैसे दिग्गज सितारों के बीच भी एक चेहरा ऐसा था, जिसने अपनी मासूमियत और खूबसूरती से दर्शकों का दिल जीत लिया, वह थीं किम शर्मा, जिन्होंने फिल्म में ‘संजना’ का किरदार निभाया था। डेब्यू फिल्म से ही स्टार बनने वाली किम से इंडस्ट्री को बड़ी उम्मीदें थीं, लेकिन उनका करियर वैसी रफ्तार नहीं पकड़ सका जैसी शुरुआत में दिखी थी।
21 जनवरी 1980 को महाराष्ट्र के अहमदनगर में जन्मीं किम शर्मा ने ‘मोहब्बतें’ से जबरदस्त लोकप्रियता हासिल की। फिल्म में उनकी सादगी, क्यूटनेस और नेचुरल एक्टिंग ने उन्हें यूथ आइकन बना दिया। माना जा रहा था कि वह आने वाले समय में बॉलीवुड की टॉप एक्ट्रेसेस में शुमार होंगी। हालांकि, डेब्यू के बाद उन्हें वैसी मजबूत स्क्रिप्ट्स और बड़े बैनर की फिल्में नहीं मिल सकीं, जो उनके करियर को नई ऊंचाई दे पातीं।
