सीवरेज लाइन नहीं होने से लोग खुद साफ करते हैं, घरों के सामने से गंदगी

इंदौर: जिसे लगातार कई बार देश के सबसे स्वच्छ शहर का खिताब मिला है, वहां सीवरेज व्यवस्था पर करोड़ों खर्च करने के बावजूद जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां करती है. शहर के कई क्षेत्रों में अब भी खुली नालियां हैं, जिसके कारण गंदगी और बदबू का सामना निवासियों को पूरे साल करना पड़ता है.ऐसा ही क्षेत्र है कुंदन नगर, जहां के रहवासी गंदगी और बदबू का सामना कर रहे हैं. दरअसल, यह क्षेत्र शहर की अंतिम सीमा पर स्थित वार्ड क्रमांक 79 अंतर्गत आता है.

यह हवा बंगला से करीब डेढ़ किलोमीटर आगे की तरफ बसा हुआ है. यहां मुख्यत: मजदूर और छोटी नौकरीपेशा करने वाले लोग निवास करते हैं. कुंदन नगर में ऐसा कोई हिस्सा नहीं है, जहां गंदगी न पसरी हो. हर तरफ खुली हुई नालियां दिखाई देती हैं. गटर की गंदगी कच्ची सडक़ों पर बहती रहती है. नव भारत की टीम जब यहां की समस्या का जायजा लेने कुंदन नगर पहुंची, तो कुछ बुजुर्ग महिलाएं अपने-अपने घरों के सामने की खुली हुई नालियों से गंदगी साफ करते मिलीं.

उनसे बात करने पर पता चला कि सीवरेज लाईन डालना तो दूर क्षेत्र में कोई सफाई कर्मी तक नहीं आता है. सीवरेज के गंदे पानी की यह समस्या इसलिए भी यहां बढ़ी हुई है, क्योंकियहां पास ही गरीबी रेखा वाली मल्टी बनी हुई है, जिनकी चेंबर और सीवरेज की लाईन कुंदन नगर की ओर खोल रखी है, जिसकी शिकायत कई बार की जा चुकी है, पर सुनवाई आज तक नहीं हुई. क्षेत्रवासियों ने बताया कि कुंदन नगर में आज तक विकास नहीं हुआ है. चुनाव के समय वोट लेने के लिए यहां आने वाले नेता उस वक्त तो बड़े-बड़े वादे करते हैं, लेकिन दोबारा यहां कोई नहीं आता.
यह बोले रहवासी…
पूरे कुंदन नगर में कहीं भी सीवरेज लाईन नहीं डाली गई है, जिससे क्षेत्र के लोगों के बुरे हाल हैं. हर रोज हमें ही नालियों से बहते गटर की गंदगी साफ करनी पड़ती है.
– रिंकु योगी

गंदा पानी बहता रहता है, मक्खी और मच्छर होते हैं, बच्चे बीमार हो रहे हैं. मजबूरन अपने-अपने घरों के आगे की नालियां लोगों को खुद साफ करनी पड़ती हैं, क्योंकि क्षेत्र में कोई सफाई कर्मी आता ही नहीं है.
– बेबी बाई
नल का पानी हो तो फिर भी चल जाए, पर यहां तो नालियों में लेट बॉथ की गंदगी बहती है. क्षेत्र में सीवरेज लाईन डालनी चाहिए, गंदगी से परेशान होकर लोग अपने मकान बेचकर यहां से जा रहे हैं.
– लीला बाई

जल्द ही क्षेत्र की समस्या खत्म हो जाएगी
अमृत योजना के तहत 20 करोड़ की सीवरेज लाइन का कार्य मंजूर हुआ है. कुंदन नगर की 22 नंबर गली से कार्य शुरू हो चुका है. जल्दी पूरे क्षेत्र में यह समस्या खत्म हो जाएगी.
– लक्ष्मी वर्मा, पार्षद

Next Post

गंदगी में बन रहा था पनीर, घी, और क्रीम

Wed Jan 21 , 2026
इंदौर: खानपान के शहर कहे जाने वाले इंदौर में लगातार मिलावटी और नकली खाद्य सामग्री के मामले सामने आ रहे हैं. खाद्य विभाग की टीम ने घी और पनीर तैयार करने वाली एक दूध डेयरी पर छापेमारी की कार्रवाई की. इस दौरान मौके पर गंदगी में तैयार किया जा रहा […]

You May Like