रांची, 02 मार्च (वार्ता) झारखंड में इस साल मार्च की शुरुआत ही असामान्य गर्मी लेकर आ गई है।
राज्य के कई जिलों में कड़ी धूप और बढ़ता तापमान लोगों की दिनचर्या को प्रभावित कर रहा है। खासकर दक्षिणी जिलों जैसे जमशेदपुर, लातेहार और सरायकेला-खरसावां में हालात मई-जून जैसे हो गए हैं, जहां दिन के साथ-साथ रातें भी गर्म हो रही हैं। मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों में इन इलाकों में न्यूनतम तापमान 18.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे लोग बिना स्वेटर के ही नजर आ रहे हैं।
जमशेदपुर और लातेहार में न्यूनतम तापमान 18.6 डिग्री रहने से रातों में भी गर्मी का एहसास हो रहा है। सरायकेला में अधिकतम तापमान 36 डिग्री तक पहुंच गया। दक्षिणी जिलों में न्यूनतम तापमान में 2 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। वहीं, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला में उमस भरी गर्मी ने लोगों को परेशान कर दिया है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि इस गर्मी ने होली के उत्साह पर पानी फेर दिया है।
मौसम विभाग ने स्पष्ट किया है कि बंगाल की खाड़ी में कोई सक्रिय सिनॉप्टिक सिस्टम न होने से बारिश की कोई संभावना नहीं है। होली और होलिका दहन की छुट्टियों में मौसम साफ रहेगा। सुबह-शाम हल्की ठंडी हवा चलेगी, लेकिन दोपहर में तेज धूप और गर्मी बरकरार रहेगी। आईएमडी के वैज्ञानिकों ने लोगों को हाइड्रेशन बनाए रखने, अधिक पानी पीने और फलों का सेवन करने की सलाह दी है।
देवघर, पाकुड़, साहिबगंज, धनबाद, दुमका और जामताड़ा जैसे पूर्वी जिलों में न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री की गिरावट आई है। यहां अब तापमान 13-14 डिग्री तक रह सकता है, जो शाम के समय थोड़ी राहत देगा। लेकिन दक्षिणी और मध्य जिलों में गर्मी चरम पर है। रांची में अधिकतम तापमान 29-30 डिग्री के आसपास रहने की उम्मीद है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, मार्च में ही ऐसा तापमान असामान्य है, जो जलवायु परिवर्तन का संकेत दे सकता है।
