सतना: सतना से देवेंद्रनगर तक प्रस्तावित यात्री ट्रेन संचालन की तैयारियों के बीच पश्चिम मध्य रेलवे के महाप्रबंधक दिलीप कुमार सिंह गुरुवार को स्पेशल ट्रेन से निरीक्षण करने पहुंचे। उन्होंने सतना से देवेंद्रनगर तक रेलखंड का जायजा लेते हुए रेलवे स्टेशनों पर उपलब्ध सुविधाओं और परिचालन व्यवस्था का निरीक्षण किया।
इस दौरान करही, बरेठिया, नागौद, फुलवारी और देवेंद्रनगर रेलवे स्टेशनों पर उतरकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। जीएम का यह निरीक्षण प्रस्तावित यात्री ट्रेन सेवा शुरू करने की तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। महाप्रबंधक सुबह 10:57 बजे सतना जंक्शन पहुंचे। यहां से स्पेशल ट्रेन के जरिए देवेंद्रनगर की ओर रवाना हुए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने रेलखंड की परिचालन व्यवस्था, स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं और ट्रेन संचालन के लिए जरूरी व्यवस्थाओं की जानकारी ली। रेलवे अधिकारियों ने प्रस्तावित रेल सेवा से संबंधित तैयारियों का जायजा लिया। निरीक्षण में पश्चिम मध्य रेलवे जबलपुर के अधिकारियों के अलावा सतना के एरिया मैनेजर सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
संभावित कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण
जानकारी के अनुसार, देवेंद्रनगर से रामपुर नैकिन तक प्रस्तावित मेमू ट्रेन को केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव नागौद रेलवे स्टेशन से हरी झंडी दिखा सकते हैं। रेल मंत्री के 13 अक्टूबर को सतना आने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, उनके दौरे और कार्यक्रम की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है। महाप्रबंधक दिलीप कुमार सिंह ने नागौद रेलवे स्टेशन पर संभावित कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने मंच सहित अन्य व्यवस्थाओं के लिए उपलब्ध स्थान का मुआयना किया। उनके निरीक्षण को रेल मंत्री के संभावित दौरे और प्रस्तावित ट्रेन संचालन की तैयारियों से जोडक़र देखा जा रहा है।
आउटर पर खड़ी रही स्पेशल ट्रेन
निरीक्षण के दौरान रेलवे की तकनीकी व्यवस्था में भी परेशानी सामने आई। सतना स्टेशन से देवेंद्रनगर की ओर रवाना हुई महाप्रबंधक की स्पेशल ट्रेन मुख्य त्यागंज आउटर के पास सिग्नल में तकनीकी खराबी के कारण करीब 20 मिनट तक खड़ी रही। इससे निरीक्षण ट्रेन का परिचालन प्रभावित हुआ। यात्री ट्रेन सेवा शुरू करने की तैयारियों के बीच सिग्नल व्यवस्था में आई इस तकनीकी बाधा ने परिचालन संबंधी व्यवस्थाओं पर भी ध्यान खींचा।
