सतना: सिविल लाइन थाना क्षेत्र के पन्ना नाका उमरी में पुराने विवाद को लेकर घर में घुसकर 75 वर्षीय बुजुर्ग पर चाकू से हमला करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें केंद्रीय जेल सतना भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, घटना बुधवार शाम करीब 6 बजे पन्ना नाका उमरी क्षेत्र में हुई। करीब एक महीने पहले रामगोपाल पाण्डेय के परिवार का आरोपियों से विवाद हुआ था। इसी पुराने विवाद को लेकर सत्यम गर्ग, धीरेंद्र कुमार गर्ग और नीलेश्वर कुमार गर्ग कथित तौर पर रामगोपाल पाण्डेय के घर पहुंचे थे।आरोप है कि तीनों युवक घर में घुसकर रामगोपाल पाण्डेय के बेटे मोनू पर हमला करने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान आरोपियों ने उन पर चाकू से हमला कर दिया। घटना के बाद घायल रामगोपाल पाण्डेय का जिला अस्पताल में उपचार जारी है।
तडक़े दबोचे गए आरोपी
मामले की जांच में जुटी सिविल लाइन थाना पुलिस ने गुरुवार सुबह करीब 4 बजे वार्ड क्रमांक-2 उमरी से आरोपी धीरेंद्र कुमार गर्ग (52) पिता द्वारिका प्रसाद गर्ग और नीलेश्वर कुमार गर्ग पिता धीरेंद्र कुमार गर्ग को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपी उमरी, पन्ना नाका क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं
