शिवपुरी: जिले के करैरा थाना क्षेत्र के समोहा डैम से एक युवक का अपहरण करने वाले 5 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर अपहृत को सकुशल बरामद कर लिया है, जबकि 6 अन्य फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।एसडीओपी प्रशांत शर्मा ने बताया कि ग्राम बेरखेड़ा निवासी 22 वर्षीय बृजेश जाटव ने अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। फरियादी ने बताया था कि उसके परिचित जीतू कोली को समोहा डैम घुमाने के बहाने ले जाया गया था। वहां पहले से घात लगाए बैठे 10-11 बदमाशों ने कट्टे से हवाई फायर कर उसे जबरन एक अर्टिगा कार में डाला और फरार हो गए।
थाना प्रभारी विनोद छावई के नेतृत्व में पुलिस ने समोहा की पहाड़ियों से अपहृत जीतू को सुरक्षित निकाल लिया। पुलिस ने मामले में जसवंत उर्फ दीपक, इंदर सिंह उर्फ इंदल, विष्णु, अंशुल और रतन नामक 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से एक स्प्लेंडर बाइक, 315 बोर का एक देशी कट्टा, एक खाली खोखा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।पुलिस जांच में सामने आया है कि अपहरण की मुख्य वजह अहमदाबाद का 2 लाख रुपए का एक पुराना विवाद है। कुछ समय पहले जीतू कोली और मुख्य आरोपी दीपक अहिरवार अहमदाबाद में एक साथ नौकरी करते थे। इसी दौरान जीतू कोली से एक सड़क दुर्घटना हो गई थी और उसके पास ड्राइविंग लाइसेंस नहीं था। दीपक अहिरवार ने जीतू को कानूनी कार्रवाई से बचाने के लिए लगभग 2 लाख रुपये में समझौता कर केस अपने ऊपर ले लिया था।
