ग्वालियर। दौलतगंज, सराफा बाजार और आसपास के इलाकों में चोरी की घटनाओं को लेकर लोगों में चिंता बढ़ती जा रही है। ताजा घटना दौलतगंज स्थित फौजदारों के बाड़े की है, जहां दिन के समय कुछ लोग मोहल्ले में पहुंचे और घरों में घुसकर पानी के पंप सहित अन्य घरेलू सामान चोरी कर ले गए। घटना क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हुई है, जिसके आधार पर पीड़ितों ने पुलिस को शिकायत भी सौंपी है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि उन्होंने चोरी से संबंधित फुटेज और अन्य आवश्यक जानकारी पुलिस को उपलब्ध करा दी है, लेकिन अब तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी की सूचना नहीं मिली है। क्षेत्रवासियों का मानना है कि लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से व्यापारियों और आम लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। लोगों ने पुलिस से मामले में शीघ्र और प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।
