
सागर। सागर जिले के मोतीनगर क्षेत्र के हत्या प्रकरण में 10-10 हजार के दो इनामी फरार आरोपी मनु सोनी एवं मुख्य आरोपी यश सोनी गिरफ्तार सहित अब तक कुल 07 आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके है एक फरार आरोपी ओम अहिरवार की तलाश जारी है। पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया ने पुलिस कंट्रोल रूम मे आयोजित पत्रकार वार्ता मे बताया कि
10,000 के इनामी मुख्य आरोपी यश सोनी को आज गिरफ्तार कर लिया गया है। इससे पूर्व विगत दिवस 10,000 के इनामी आरोपी मनु सोनी को भी गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया था, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। लगभग एक माह पूर्व थाना मोतीनगर क्षेत्र अंतर्गत विवेकानंद वार्ड, मछरयाई स्थित गोंड बब्बा चबूतरा क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते फरियादी ओम साहू एवं उसके भाई मयंक साहू के साथ आरोपियों ने विवाद एवं गाली-गलौज की। इसी दौरान आरोपियों द्वारा अवैध हथियार से फायरिंग की गई, जिससे मयंक साहू गंभीर रूप से घायल हो गया उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। वहीं फरियादी ओम साहू पर भी चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल किया गया।इस संबंध में थाना मोतीनगर में धारा 296(A), 109(1), 103(1), 190, 191(1), 191(2) बीएनएस एवं 25/27 आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई। घटना के बाद से मामले के तीन फरार आरोपी मनु सोनी, यश सोनी एवं ओम अहिरवार गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदलते रहे। तीनों आरोपी गुजरात, आंध्र प्रदेश, दिल्ली तथा मध्यप्रदेश के पीथमपुर, अशोकनगर, इंदौर एवं कटनी सहित विभिन्न स्थानों पर छिपकर फरारी काट रहे थे। आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु पुलिस अधीक्षक सागर द्वारा तीनों फरार आरोपियों पर 10-10 हजार का इनाम भी घोषित किया गया। पुलिस को सूचना मिली कि तीनों फरार आरोपी सागर आने वाले हैं तथा अपने परिवार जनो की जमानत के लिए धन की व्यवस्था करने किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना पर विशेष टीमों द्वारा बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन एवं शहर के सभी प्रवेश मार्गों पर निगरानी शुरू की गई। आरोपी बम्हौरी रेंगुवा रेलवे आउटर पर ट्रेन से उतरकर पटरियों के रास्ते शहर में प्रवेश करने वाले हैं। पुलिस टीम द्वारा घेराबंदी किए जाने पर तीनों आरोपी भागने लगे। इसी दौरान मनु सोनी निर्माणाधीन रेलवे ब्रिज से नीचे कूद गया, जबकि दो आरोपी अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गए। मनु सोनी को गिरफ्तार कर तलाशी लेने पर उसके कब्जे से लगभग 20 ग्राम अवैध मादक पदार्थ एमडी ड्रग बरामद की गई। आरोपी मनु सोनी उपरोक्त हत्या के प्रकरण के साथ-साथ थाना मोतीनगर के ही एक अन्य एनडीपीएस के प्रकरण में भी फरार चल रहा था उपरोक्त दोनों प्रकरणों में आरोपी मनु सोनी की गिरफ्तारी कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के उपरांत उसे न्यायालय में प्रस्तुत कर जेल भेजा गया।
मुख्य आरोपी यश सोनी गिरफ्तार, घटना में प्रयुक्त कट्टा बरामद किया गया है। मुख्य आरोपी यश सोनी को ललितपुर (उत्तर प्रदेश) से पकडकर पुलिस अभिरक्षा में लेकर थाना मोतीनगर लाया गया। जहां उसे विधिवत गिरफ्तार कर उसके मेमोरेंडम के आधार पर घटना में प्रयुक्त देशी कट्टा भी बरामद कर लिया गया है। मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
