इंदौर: रंगों के पर्व होली की आहट के साथ ही शहर के बाजारों में रौनक बढ़ने लगी है. जैसे-जैसे त्योहार नजदीक आ रहा है, बाजारों में गुलाल, अबीर और रंग-बिरंगी पिचकारियों की दुकानें सज चुकी हैं. मुख्य बाजारों सहित राजवाड़ा, मिल क्षेत्र और छावनी सहित विभिन्न व्यापारिक इलाकों में सुबह से देर शाम तक खरीदारों की भीड़ उमड़ रही है.बच्चों से लेकर युवाओं और परिवारों तक में त्योहार को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है. बाजारों में कार्टून थीम, टैंक पिचकारी और आधुनिक डिजाइन की पिचकारियां आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं. इलेक्टि्रक पिचकारी बच्चों की पहली पसंदइस बार बाजार में इलेक्टि्रक पिचकारियों का क्रेज कुछ ज्यादा ही देखने को मिल रहा है.
बच्चों को इलेक्टि्रक पिचकारी पसंद
इंदौर में खरीदारी करने आए हातोद निवासी गोविंद मालवीय ने बताया कि बच्चों को खास तौर पर इलेक्टि्रक पिचकारी पसंद आ रही है. मैं खासतौर पर बच्चों के लिए इलेक्टि्रक पिचकारी लेने आया हूं. हालांकि ये थोड़ी महंगी हैं, इसलिए किफायती विकल्प भी देख रहा हूं. इलेक्टि्रक पिचकारी चलाने में जोर नहीं लगाना पड़ता, जिससे बच्चे आसानी से इसका उपयोग कर सकते हैं.
25 से 1200 रु तक की पिचकारियां उपलब्ध
दुकानदार भूपेश बालचंदानी ने बताया कि पिछले दो दिनों से बाजार में अच्छी बिक्री हो रही है. उन्होंने कहा कि इस बार चार्जिंग सेल से चलने वाली इलेक्टि्रक पिचकारियां ज्यादा पसंद की जा रही हैं, जिन्हें बार-बार इस्तेमाल किया जा सकता है. इसके अलावा ऑटोमेटिक फूलने वाले बलून भी बच्चों में लोकप्रिय हो रहे हैं. उन्होंने बताया कि उनकी दुकान पर 25 रुपए से लेकर 1200 रुपए तक की पिचकारियां उपलब्ध हैं. साथ ही गुलाल उड़ाने के लिए विशेष सिलेंडर भी ग्राहकों द्वारा खरीदे जा रहे हैं. बाहर से व्यापारी भी इंदौर आकर पिचकारी, मास्क, टी-शर्ट और रंगों की खरीदारी कर रहे हैं.
मोदी-योगी थीम की पिचकारियां और मास्क की मांग
व्यापारी प्रेम आहूजा ने बताया कि हर साल की तरह इस बार भी मोदी और योगी थीम के मास्क और टी-शर्ट बाजार में छाए हुए हैं. कई पिचकारियों पर मोदी और योगी के स्टीकर लगे हुए हैं, जो बच्चों और युवाओं को आकर्षित कर रहे हैं. इसके अलावा बड़े युवाओं के लिए गुलाल उड़ाने वाले बड़े सिलेंडर भी बाजार में उपलब्ध हैं, जिनकी कीमत 300, 500 और 900 रुपए तक है. इन सिलेंडरों से हवा में दूर तक गुलाल उड़ाया जा सकता है. अलग-अलग वैरायटी के ये उत्पाद इस बार खास आकर्षण बने हुए हैं.
आने वाले दिनों में और बढ़ेगी भीड़
दुकानदारों का कहना है कि अभी होली में कुछ दिन शेष हैं, लेकिन खरीदारी का सिलसिला शुरू हो चुका है. जैसे-जैसे त्योहार करीब आएगा, बाजारों में भीड़ और बढ़ने की संभावना है. शहर के बाजारों में बढ़ती चहल-पहल यह संकेत दे रही है कि रंगों का पर्व दस्तक देने वाला है और इंदौरवासी पूरे उत्साह के साथ इसकी तैयारियों में जुट गए हैं
