3 वर्षीय लापता बालक को जंगल, पहाड़ों में तलाश रही पुलिस

ग्वालियर: मुरार थाना क्षेत्र के मोहनपुर गांव से लापता हुए 3 वर्षीय बालक को तलाशने के लिए पुलिस ने वृहद स्तर पर अभियान छेड़ा है। बालक दोपहर में घर के सामने खेलते-खेलते गायब हुआ। घर के सामने ही जंगल, पहाड़ियां तथा ताल तलैया हैं, वहां पुलिस बालक की तलाश कर रही है। हालांकि आज सुबह तक गायब हुए बालक का कोई सुराग नहीं लगा है, लेकिन पुलिस ने पूरी ताकत झौंक दी है। मोहनपुर गांव में काली माता मंदिर के पास रहने वाली सपना पाल का 3 वर्षीय बेटा घर के बाहर खेल रहा था। सपना घर के बाहर आई तो उसका बेटा नहीं था। आस-पास रहने वालों के यहां तलाशा लेकिन कुछ पता नहीं चला।

शाम तक मोहनपुर के लोग गायब हुए बालक की तलाश करते रहे, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। देर शाम लोग मुरार थाने पहुंचे और पुलिस को बालक के गायब होने की जानकारी दी। 3 वर्ष के बालक के घर के सामने से अचानक गायब होने की बात पता चलते ही पुलिस सक्रिय हुई और रात में ही सर्चिग अभियान छेड़ दिया।सपना पाल मोहनपुर में जिस जगह रहती है उसके सामने ही जंगल है, ऊंचा पहाड़ियां हैं और सबसे बड़ी दिक्कत यह है कि गांव में जो गड्‌ढे हैं वह बारिश के कारण तलैया बने हुए हैं। इसलिए पुलिस हर एंगल से बालक की तलाश में जुटी है। तालाबों में झांका जा रहा है, गड्ढे देखे जा रहे हैं और जंगल क्षेत्र का चप्पा-चप्पा पुलिस ने छानना शुरु कर दिया है। गांव और पुलिस के करीब डेढ़ सौ लोग मिलकर बालक की तलाश कर रहे हैं। बच्चे के अपहरण की आशंका से भी पुलिस ने इंकार नहीं किया है।

Next Post

एसआईआर में सहयोग के लिये वरिष्ठ अधिकारियों की तैनाती, जिला निर्वाचन अधिकारी ने जारी किया आदेश

Mon Nov 3 , 2025
ग्वालियर: जिले में निर्वाचक नामावली का विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य सुव्यवस्थित ढंग से कराने के लिये निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के सहयोग के लिये वरिष्ठ अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी रुचिका चौहान द्वारा इस आशय का आदेश जारी किया गया है।जिला निर्वाचन कार्यालय के अनुसार विधानसभा […]

You May Like