भोपाल: भोपाल के नए मास्टर प्लान को लेकर बुधवार को रामेश्वर शर्मा ने महत्वपूर्ण बयान दिया। विधानसभा भवन में पत्रकारों से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि राजधानी को महानगरीय स्वरूप देने के लिए व्यापक योजना तैयार कर ली गई है और मास्टर प्लान मेट्रोपोलिटन क्षेत्र की अवधारणा के अनुरूप जारी किया जाएगा।उन्होंने बताया कि नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय इस संबंध में विस्तृत जानकारी दे चुके हैं और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में भोपाल सहित इंदौर, जबलपुर और ग्वालियर जैसे महानगरों के समग्र विकास की कार्ययोजना बनाई गई है। भोपाल और इंदौर को विशेष रूप से मेट्रोपोलिटन सिटी के रूप में विकसित किया जा रहा है।
शर्मा ने कहा कि नए मास्टर प्लान में मंडीदीप, सीहोर, विदिशा, राजगढ़ और रायसेन जैसे आसपास के क्षेत्रों के संतुलित विकास को भी शामिल किया गया है। लक्ष्य है कि भोपाल को ऐसा आधुनिक महानगर बनाया जाए, जहां उद्योग, रोजगार, मेडिकल और एजुकेशन हब के साथ-साथ मेट्रो सहित सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हों।
