जंगल में लिपिक का शव फांसी पर लटका मिला, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

सिंगरौली: जिले के चितरंगी थाना क्षेत्र अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय हरफरी में पदस्थ लिपिक गजेंद्र सिंह उम्र 31 का शव कोहंडल जंगल में एक पेड़ से फांसी के फंदे पर लटका हुआ मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही चितरंगी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच प्रारंभ की।प्राप्त जानकारी के अनुसार गजेंद्र सिंह पिता छबिलाल सिंह निवासी ग्राम अतरैला, पोस्ट उमरिया, थाना मझौली के रहने वाले थे और वर्ष 2014 से हरफरी विद्यालय में लिपिक के पद पर पदस्थ थे।

बताया जा रहा है कि 23 फरवरी को उन्होंने अपनी माता के मोबाइल पर संदेश भेजा था कि मुझे लोग मार डालेंगे। इस संदेश के बाद से परिजन चिंतित थे। अगले ही दिन उनका शव जंगल में फांसी पर लटका मिला। घटना की सूचना पर पुलिस ने हत्या की आशंका को ध्यान में रखते हुए डॉग स्क्वॉड की सहायता भी ली, लेकिन फिलहाल कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लग सका है। पुलिस ने मौके पर पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चितरंगी भेजा।

प्राथमिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। घटनास्थल की स्थिति और शव की हालत से प्रथम दृष्टया यही संकेत मिल रहे हैं, हालांकि मृतक द्वारा भेजा गया अंतिम संदेश कई सवाल खड़े कर रहा है। इसी कारण पुलिस किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। साथ ही मृतक के परिजनों के बयान, मोबाइल कॉल डिटेल और हाल के दिनों की गतिविधियों की भी जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गंभीरता से पड़ताल कर रही है।

Next Post

दो दिन की राहत के बाद फिर बदलेगा मौसम का मिजाज, मार्च की शुरुआत में बरसात के संकेत

Wed Feb 25 , 2026
भोपाल: प्रदेश में फिलहाल बारिश से राहत के आसार हैं और आज मौसम साफ बना रहेगा, लेकिन यह ठहराव ज्यादा लंबा नहीं चलेगा। मौसम विभाग के अनुसार 27 फरवरी से एक नया सिस्टम सक्रिय होने जा रहा है, जिसका असर मार्च की शुरुआत में दिखाई दे सकता है। खासतौर पर […]

You May Like