
भोपाल। आगामी त्योहारों के मद्देनज़र बैरसिया और नजीराबाद पुलिस ने फ्लैग मार्च किया. होली, रंग पंचमी और रमजान को देखते हुए पुलिस ने फ्लैग मार्च निकाला.
थाना बैरसिया क्षेत्र में यह फ्लैग मार्च एसडीओपी बैरसिया वैशाली के नेतृत्व में निकाला गया. फ्लैग मार्च थाना क्षेत्र के मुख्य चौराहों एवं प्रमुख मार्गों से होते हुए संपन्न हुआ. इस दौरान एसडीओपी बैरसिया ने बताया कि त्यौहारों के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने एवं आमजन में सुरक्षा का भाव उत्पन्न करने हेतु यह मार्च किया गया है. पुलिस की चप्पे-चप्पे पर नजर रहेगी तथा किसी भी प्रकार की अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
इसी क्रम में थाना नजीराबाद पुलिस द्वारा कस्बा नजीराबाद में मुख्य चौराहों एवं प्रमुख मार्गों से होते हुए फ्लैग मार्च निकाला गया. इस दौरान थाना प्रभारी द्वारा नागरिकों से अपील की गई कि सभी लोग आपसी भाईचारे, सौहार्द एवं शांति के साथ त्यौहार मनाएं.
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि उपद्रव करने वाले एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सख्त एवं विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी.
