
नीमच। शहर के समीप ग्राम कनावटी में रविवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में तीन साल के मासूम की घर में बने खुले पानी के टैंक में डूबने से मौत हो गई। मासूम घर में खेल रहा था, इसी दौरान अचानक करीब 7 से 8 फीट गहरे टैंक में गिर गया। बच्चे को टैंक में गिरते देख उसकी मां ने भी बिना देर किए उसे बचाने के लिए टैंक में छलांग लगा दी। आसपास के लोगों की मदद से बच्चे को बाहर निकालकर तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद मासूम को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कनावटी निवासी लोकेंद्र सिंह का तीन वर्षीय पुत्र वियान सिंह उर्फ चीकू रविवार दोपहर करीब 2 बजे घर में खेल रहा था। इसी दौरान खेलते-खेलते वह घर में बने खुले पानी के टैंक के पास पहुंच गया और अचानक उसमें गिर पड़ा। टैंक की गहराई करीब 7 से 8 फीट बताई जा रही है।
बेटे को डूबता देख मां ने टैंक में लगाई छलांग
मासूम को पानी में गिरता देख उसकी मां ने उसे बचाने का प्रयास किया और खुद भी टैंक में कूद गई। इस दौरान आसपास के लोग भी मदद के लिए पहुंचे। लोगों की सहायता से बच्चे को टैंक से बाहर निकाला गया। परिजन उसे तत्काल उपचार के लिए नीमच जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। हालांकि अस्पताल में चिकित्सकीय परीक्षण के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मासूम की मौत से परिवार में मातम, पुलिस ने मर्ग कायम किया
तीन वर्षीय वियान की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया है। जिला अस्पताल में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
यह दर्दनाक घटना घरों में बने खुले पानी के टैंक और हौदियों से छोटे बच्चों को होने वाले खतरे की ओर भी ध्यान दिलाती है। ऐसे स्थानों को सुरक्षित ढंग से ढंककर रखना और बच्चों की पहुंच से दूर रखना बेहद जरूरी है।
