भारत और अमेरिका की सेनाओं के बीच ‘वज्र प्रहार’ अभ्यास कल से

नयी दिल्ली 24 फरवरी (वार्ता) भारत और अमेरिका की सैनिक टुकड़ियों के बीच बुधवार से हिमाचल प्रदेश के बकलोह स्थित स्पेशल फोर्स ट्रेनिंग स्कूल में शुरू होने वाले अभ्यास ‘वज्र प्रहार’ में हिस्सा लेने के लिए अमेरिकी दल भारत पहुंच गया है। तीन सप्ताह तक चलने वाले इस अभ्यास में भारतीय सेना की ओर से स्पेशल फोर्स इकाई के 45 सैनिक हिस्सा ले रहे हैं जबकि अमेरिका की ओर से वहां की स्पेशल फोर्स ग्रीन बेरेट्स के 12 सैनिक शामिल होंगे। यह इस अभ्यास का 16 वां संस्करण है जो 16 मार्च को संपन्न होगा।

अभ्यास ‘वज्र प्रहार’ का उद्देश्य भारत और अमेरिका के बीच सैन्य सहयोग को बढ़ावा देना है, जिसमें परस्पर कार्यसंचालन क्षमता , संयुक्तता और विशेष अभियानों की रणनीतियों के पारस्परिक आदान-प्रदान को सुदृढ़ किया जाएगा। यह अभ्यास पर्वतीय क्षेत्र में संयुक्त विशेष बल अभियानों के संचालन में साझा क्षमताओं को मजबूत करने के लिए तैयार किया गया है।

प्रशिक्षण के दौरान उच्च स्तर की शारीरिक क्षमता, संयुक्त मिशन योजना और संयुक्त सामरिक अभ्यासों के क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। सैनिक संयुक्त मिशन योजना तथा विशेष अभियानों की रणनीतियों, तकनीकों और प्रक्रियाओं से संबंधित श्रेष्ठ अभ्यासों और परिचालन अनुभवों का आदान-प्रदान करेंगे।

इस अभ्यास से दोनों देशों के विशेष बलों के बीच परस्पर कार्यसंचालन क्षमता, आपसी विश्वास और पेशेवर सौहार्द के और गहरा होने की उम्मीद है जिससे भारत और अमेरिका के बीच बढ़ती रक्षा साझेदारी को और मजबूती मिलेगी।

अभ्यास का पिछला संस्करण नवंबर 2024 में अमेरिका के इडाहो स्थित ओकार्ड कांबेट ट्रेनिंग सेंटर में हुआ था।

Next Post

दिल्ली विधानसभा आधुनिकीकरण के नए युग की ओर , पारदर्शितापूर्ण शासन को नए सिरे से परिभाषित करेगी: विजेंद्र

Tue Feb 24 , 2026
नयी दिल्ली, 24 फरवरी (वार्ता) दिल्ली विधानसभा के अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने मंगलवार को कहा कि उनकी सरकार ऐतिहासिक पहलों की श्रृंखला के माध्यम से दिल्ली विधानसभा को आधुनिकीकरण के एक नए युग की ओर ले जा रही है जो पारदर्शिता और टिकाऊ शासन को नए सिरे से परिभाषित करेगी। […]

You May Like