मोदी डरपोक हैं, युवा कांग्रेस कार्यकर्ता नहीं : खरगे

नयी दिल्ली, 24 फरवरी (वार्ता) कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भारत मंडपम में विरोध प्रदर्शन करने के आरोप में युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी की निंदा करते हुए मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर सीधा हमला किया और कहा कि कांग्रेस और उसके कार्यकर्ता नहीं बल्कि श्री मोदी खुद डरपोक हैं जो संसद की कार्यवाही में हिस्सा लेने से भी डरते हैं।

कांग्रेस अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के सामने घुटने टेकने का आरोप लगाया और कहा कि उन्होंने अमेरिका के साथ व्यापार समझौता कर किसानों का नुकसान किया है और उसके खिलाफ जब युवा कांग्रेस कार्यकर्ता प्रदर्शन करते हैं तो उन्हें डराने के लिए गिरफ्तार किया जाता है लेकिन कांग्रेस डरने वाली नहीं है।

श्री खरगे ने सोशल मीडिया एक्स पर कहा “युवा आज नौकरी के लिए तड़प रहे हैं और देश का माहौल इतना खराब हो चुका है जिसके कारण मोदी जी के प्रति लोगों में भारी रोष है। श्री ट्रंप के सामने उन्होंने घुटने टेक दिए। नाक रगड़कर उनकी सारी शर्तों को मान लिया, जिससे पूरा देश शर्मिंदा हो गया। जो काम हमारे किसानों की भलाई और मदद के लिए किया जाना चाहिए था, उसकी बजाय किसानों का नुकसान करने की बातचीत की गई। इससे यह भी साफ़ हो गया है कि लोग समझते थे कि मोदी जी देश के हित में ट्रंप से बात कर रहे हैं, लेकिन हकीकत में ट्रंप हमें गुलाम बना रहा है और हमें बंधुआ मजदूर बनाने की दिशा में धकेला जा रहा है। यह काम मोदी जी कर रहे हैं।”

उन्होंने आगे लिखा “कांग्रेस डरने वाली नहीं है और न ही डरपोक है। मोदी साहब खुद डरपोक हैं। डर के कारण वे संसद में आकर अपनी नीतियों का बचाव भी नहीं कर पाते। इसलिए वे हमें डराने की कोशिश कर रहे हैं, हमारे युवाओं को डराने की कोशिश कर रहे हैं, हमारे युवा नेताओं को डराने की कोशिश कर रहे हैं। यह नहीं चलेगा। मैं इसकी निंदा करता हूँ। हमारे देश में लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए जो भी त्याग करना पड़ेगा, हम करेंगे। हम लड़ते रहेंगे और देश को गिरवी रखने वाले लोगों के खिलाफ संघर्ष जारी रखेंगे।”

Next Post

आईआरसीटीसी की डिजिटल पहल से ट्रेन यात्रा में भोजन बुकिंग हुई आसान

Tue Feb 24 , 2026
नई दिल्ली: आईआरसीटीसी जो रेल मंत्रालय के अधीन एक नवरत्न केंद्रीय सार्वजनिक उपक्रम है और भारतीय रेल की आतिथ्य एवं पर्यटन इकाई के रूप में कार्य करता है, द्वारा शुरू की गई ई-पेंट्री भोजन बुकिंग सुविधा को यात्रियों से उत्साहजनक प्रतिक्रिया मिल रही है। मेल/एक्सप्रेस ट्रेनों में, जिनमें पेंट्री कार […]

You May Like