आईआरसीटीसी की डिजिटल पहल से ट्रेन यात्रा में भोजन बुकिंग हुई आसान

नई दिल्ली: आईआरसीटीसी जो रेल मंत्रालय के अधीन एक नवरत्न केंद्रीय सार्वजनिक उपक्रम है और भारतीय रेल की आतिथ्य एवं पर्यटन इकाई के रूप में कार्य करता है, द्वारा शुरू की गई ई-पेंट्री भोजन बुकिंग सुविधा को यात्रियों से उत्साहजनक प्रतिक्रिया मिल रही है।

मेल/एक्सप्रेस ट्रेनों में, जिनमें पेंट्री कार की सुविधा उपलब्ध है, टिकट किराए में भोजन शामिल नहीं होता और यात्रियों को यात्रा के दौरान भोजन अलग से खरीदना पड़ता है। ऐसे में आईआरसीटीसी की ई-पेंट्री सेवा यात्रियों को डिजिटल माध्यम से अग्रिम भोजन बुक करने की सुविधा प्रदान करती है, जिससे यात्रा अधिक सुविधाजनक और नकद रहित हो गई है।

इस सेवा की शुरुआत चरणबद्ध तरीके से अप्रैल 2025 में की गई थी। सबसे पहले इसे ट्रेन संख्या 22503-04 विवेक एक्सप्रेस जो भारत की सबसे लंबी दूरी की ट्रेन है, में पायलट प्रोजेक्ट के रूप में लागू किया गया। वर्तमान में यह सुविधा 25 मेल/एक्सप्रेस ट्रेनों में उपलब्ध है। अब तक आईआरसीटीसी की ई-पेंट्री सेवा के माध्यम से 65,000 से अधिक भोजन बुक किए जा चुके हैं।

नाश्ता और रात्रि भोजन के लिए 17,000 से अधिक-से-अधिक ऑर्डर दर्ज किए गए हैं, जबकि सुबह और शाम की चाय के लिए 8,000 से अधिक बुकिंग हुई हैं। दोपहर के भोजन के लिए भी 15,000 से अधिक ऑर्डर प्राप्त हुए हैं। दिसंबर 2025 में सर्वाधिक 16,500 भोजन बुक किए गए, जिनमें ट्रेन संख्या 12649-50 और 12629-30 (वाईपीआर संपर्क क्रांति एक्सप्रेस) से लगभग 8,300 ऑर्डर प्राप्त हुए।

आईआरसीटीसी की आधिकारिक वेबसाइट (www.irctc.co.in) पर टिकट बुकिंग प्लेटफॉर्म के साथ एकीकृत यह सुविधा कन्फर्म, आरएसी या आंशिक रूप से कन्फर्म टिकट धारकों को मानक भोजन एवं रेल नीर अग्रिम रूप से बुक करने की सुविधा देती है। बुक किया गया भोजन पेंट्री कार स्टाफ द्वारा सीधे यात्री की सीट पर पहुंचाया जाता है।

यात्री टिकट बुकिंग के दौरान या बाद में “माई ट्रांजेक्शन” सेक्शन के अंतर्गत बुक्ड फूड हिस्ट्री में जाकर ई-पेंट्री विकल्प चुन सकते हैं। सफल बुकिंग के बाद यात्री को एसएमएस या ईमेल के माध्यम से पुष्टि संदेश और मील वेरिफिकेशन कोड (MVC) प्राप्त होता है। यात्रा के दिन यात्री यह कोड विक्रेता को बताकर अपनी सीट पर भोजन प्राप्त कर सकता है।

सभी भुगतान डिजिटल माध्यम से ऑनलाइन किए जाते हैं, जिससे यात्रा के दौरान नकद लेनदेन की आवश्यकता समाप्त हो जाती है। MVC प्रणाली यह सुनिश्चित करती है कि भोजन सही यात्री तक पहुंचे। सभी ऑर्डर डिजिटल डैशबोर्ड के माध्यम से मॉनिटर किए जाते हैं, जिससे पारदर्शिता, जवाबदेही और कर अनुपालन सुनिश्चित होता है। यदि किसी कारणवश भोजन की आपूर्ति नहीं हो पाती है तो यात्री को धनवापसी का प्रावधान भी उपलब्ध है, जिसकी जानकारी एसएमएस या ईमेल के माध्यम से दी जाती है।

तकनीक आधारित ऐसी नवाचारपूर्ण पहल के माध्यम से आईआरसीटीसी यात्रियों के यात्रा अनुभव को बेहतर बनाने के साथ-साथ डिजिटल इंडिया मिशन को भी सशक्त बना रहा है।

 

Next Post

घुटने में चोट लगने के बाद हरमनप्रीत मैदान से बाहर

Tue Feb 24 , 2026
ब्रिस्बेन, 24 फरवरी (वार्ता) भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर को चोट लग गई है और वह मंगलवार को ब्रिस्बेन के एलन बॉर्डर फील्ड में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले वनडे में भारत के 214 रन के बचाव के दौरान फील्डिंग करने नहीं जा सकीं। भारत की पारी के बाद बीसीसीआई के मीडिया […]

You May Like