
सतना। नगर निगम की राजस्व विभाग की टीम शहर के दो वार्ड में 3 बकाएदारों के विरुद्ध कार्रवाई करने के लिए पहुंची. इस दौरान बकाएदारों से 4.39 लख की राशि वसूल की गई.
राजस्व अधिकारी नगर निगम युसुफ खान ने जानकारी देते हुए बताया कि निगमायुक्त शेर सिंह मीणा द्वारा बकाएदारों के विरुद्ध कार्रवाई करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं. जिसके परिपालन में गुरुवार को नगर निगम की राजस्व शाखा की टीम शहर के विश्वासराव वार्ड क्र. 40 में पहुंची. जहां पर प्रमुख बकाएदार शिव प्रसाद पिता देवी दीन के विरुद्ध कार्रवाई शुरु कर दी गई. ननि अमले द्वारा की जाने वाली कार्रवाई को देखते हुए बकाएदार द्वारा कुछ समय मांगते हुए बकाया जमा करने के लिए कहा गया. इसी कड़ी में महाराणा प्रताप वार्ड क्र. 41 में प्रमुख बकाएदार शंकर प्रसाद पिता भोला प्रसाद और बोधामल पिता ठाकुरदास के विरुद्ध भी नगर पालिक अधिनियम 1956 की धारा 175 के अंतर्गत कार्रवाई शुरु की गई. लेकिन सभी बकाएदार रायिा जमा करने पर राजी हो गए. जिसे देखते हुए कार्रवाई को रोकते हुए तीनों बकाएदारों से 4 लाख 39 हजार 798 की राशि वसूल की गई. राजस्व अधिकारी ननि ने बताया कि आने वाले दिनों में भी अमले की कार्रवाई जारी रहेगी. इसी कड़ी में निगमायुक्त श्री मीणा द्वारा शहर के सभी बकाएदरों से अनुरोध किया गया है कि बकाया संपत्ति की राशि तत्काल ननि कार्यालय में जमा कराया जाए, जिससे कुर्की की कार्रवाई से बचा जा सके.
