
रीवा।कलेक्ट्रेट के बाणसागर सभागार में आयोजित जिला उपार्जन समिति की बैठक में कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने उपार्जन की तैयारियों की समीक्षा की. कलेक्टर ने कहा कि समर्थन मूल्य पर धान का उपार्जन एक दिसम्बर से शुरू हो रहा है. सभी खरीदी केन्द्रों में उपार्जन के लिए आवश्यक प्रबंध करें. किसानों के लिए मूलभूत सुविधाओं के साथ-साथ खरीदी केन्द्र में धान की तौल, सिलाई, परिवहन तथा भण्डारण की व्यवस्था सुनिश्चित करें. खरीदी केन्द्र में उपलब्ध सुविधाओं को ऐप के माध्यम से अनिवार्य रूप से दर्ज करें. महाप्रबंधक सहकारी बैंक सभी समिति प्रबंधकों को उपार्जन के संबंध में आवश्यक निर्देश दें. जिला प्रबंधक नागरिक आपूर्ति निगम सहकारी समितियों को उपार्जन के लिए आवश्यक राशि तत्काल उपलब्ध कराएं, जिससे समय पर खरीदी केन्द्रों में व्यवस्थाएं की जा सकें. बैठक में कलेक्टर ने कहा कि किसान को खरीदी केन्द्र में धान देने के बाद तीन दिवस में भुगतान सुनिश्चित करें. जिले में 37 गोदाम स्तरीय खरीदी केन्द्र बनाए जा रहे हैं. इनमें शासन के निर्देशों के अनुरूप गोदाम के बाहर धान की खरीदी कराकर उसे गोदाम में भण्डारित कराएं. बैठक में जिला आपूर्ति अधिकारी कमलेश ताण्डेकर ने बताया कि खरीदी के लिए 75 प्रतिशत बारदाने उपलब्ध हैं. मिलर्स से बारदाने लेकर शेष की पूर्ति की जा रही है. बैठक में अपर कलेक्टर श्रीमती सपना त्रिपाठी, महाप्रबंधक सहकारी बैंक ज्ञानेन्द्र पाण्डेय, जिला प्रबंधक वेयर हाउस कमल बागरी, प्रभारी उपायुक्त सहकारिता उपस्थित रहे.
