मुरादाबाद के बुद्ध बाजार स्थित मोमबत्ती फैक्ट्री में लगी भीषण आग

मुरादाबाद, 1 अगस्त (वार्ता) उत्तर प्रदेश में मुरादाबाद शहर के व्यस्ततम बुद्ध बाजार क्षेत्र में स्थित एक मोमबत्ती फैक्ट्री, गोदाम और आवासीय परिसर में शुक्रवार और शनिवार की दरम्यानी रात भीषण आग लगने से इलाके में अफरातफरी मच गई। दमकल कर्मियों की घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।

पुलिस सूत्रों ने शनिवार को बताया कि कोतवाली नगर क्षेत्र के बुद्ध बाजार स्थित एक ही परिसर में बने मकान, गोदाम और मोमबत्ती फैक्ट्री में रात करीब 12:45 बजे आग भड़क उठी। आग तेजी से फैलने के कारण आसपास के लोगों में दहशत फैल गई और स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस एवं अग्निशमन विभाग को सूचना दी।

सूचना मिलते ही जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल सहित जिले के वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

अग्निशमन विभाग की कई टीमों ने फोम और वाटर टेंडरों की सहायता से चारों ओर से घेराबंदी कर आग बुझाने का अभियान चलाया। घंटों के प्रयास के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। हालांकि आग की चपेट में आने से आसपास के कुछ मकानों को आंशिक क्षति पहुंची है, लेकिन पुलिस और दमकल विभाग की त्वरित एवं समन्वित कार्रवाई के कारण किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा। एहतियात के तौर पर घटनास्थल पर पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम तैनात है तथा स्थिति पूरी तरह सामान्य बताई जा रही है।

 

Next Post

वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडर दिल्ली में 192 रुपये सस्ता

Sat Aug 1 , 2026
नयी दिल्ली, 01 अगस्त (वार्ता) तेल विपणन कंपनियों ने शनिवार से 19 किलोग्राम वाले वाणिज्यिक रसोई गैस (एलपीजी) सिलेंडर की कीमतों में कटौती की है। देश की सबसे बड़ी तेल विपणन कंपनी इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन से प्राप्त जानकारी के मुताबिक, दिल्ली में एक अगस्त से वाणिज्यिक एपलीजी सिलेंडर 2,930 रुपये […]

You May Like