
छतरपुर। भारतीय जनता पार्टी ने संगठन को नई ऊर्जा देने के उद्देश्य से जिला कार्यकारिणी की नई टीम की घोषणा की है। यह निर्णय प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की सहमति के बाद लिया गया। जिला अध्यक्ष चंद्रभान सिंह गौतम ने कहा कि बदलते राजनीतिक परिदृश्य और आगामी चुनावी कार्यक्रमों को ध्यान में रखते हुए संगठन को सक्रिय और गतिशील बनाना प्राथमिकता है।
नई कार्यकारिणी में अनुभव और युवाओं के संतुलन को महत्व दिया गया है। अशोक दुबे, अजय राजे त्रिलोक सिंह, पंकज पाण्डेय, अरविंद सिंह बुंदेला, पंकज पहारिया, मनोज दीक्षित, राममनोहर तिवारी और विनय पटेरिया को जिला उपाध्यक्ष बनाया गया है। इन सभी को संगठन विस्तार, बूथ सशक्तिकरण और जनसंपर्क कार्यक्रमों की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
विवेक उप्पल और अरविंद त्रिपाठी को जिला महामंत्री नियुक्त किया गया है, जो संगठनात्मक गतिविधियों के समन्वय और कार्यक्रमों के संचालन में प्रमुख भूमिका निभाएंगे। वहीं द्रोपदी कुशवाहा, मिली जैन फट्टू, प्रवेश अग्रवाल, संजय रैकवार, राजकुमार चौरसिया, उमा बुंदेला और अवधेश सिंह यादव को जिला मंत्री की जिम्मेदारी दी गई है।
आर्थिक प्रबंधन की दृष्टि से आशीष अवस्थी को कोषाध्यक्ष और अरुण कुमार अग्रवाल को सह कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
पार्टी नेताओं का मानना है कि नई टीम के गठन से संगठनात्मक ढांचा मजबूत होगा और कार्यकर्ताओं में उत्साह का संचार होगा। साथ ही, आगामी कार्यक्रमों और चुनावी रणनीति को धरातल पर उतारने में यह टीम प्रभावी भूमिका निभाएगी।
