लोकतंत्र की मजबूती के लिए समर्पण के साथ करुंगा दायित्वों का निर्वहन : रेड्डी

नयी दिल्ली, 21 अगस्त (वार्ता) विपक्षी इंडिया गठबंधन के उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार बी सुदर्शन रेड्डी ने नामांकन पत्र दाखिल करने के बाद गुरुवार को कहा कि यदि वह देश के उपराष्ट्रपति चुने जाते हैं तो संविधान में निहित मूल्यों और अटूट निष्ठा के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगे।

श्री रेड्डी ने यहां एक वक्तव्य में उपराष्ट्रपति पद का संयुक्त उम्मीदवार बनाने के लिए इंडिया गठबंधन का आभार व्यक्त किया और कहा कि यदि वह इस पद पर चुने जाते हैं तो निष्पक्षता, गरिमा, संवाद तथा शिष्टाचार के प्रति दृढ़ प्रतिबद्धता के साथ पद की गरिमा के लिए काम करेंगे।

श्री रेड्डी ने कहा, “सार्वजनिक सेवा में मेरा जीवन-भारत के उच्चतम न्यायालय के न्यायाधीश के रूप में, विधि के छात्र के रूप में और इस गणराज्य की लोकतांत्रिक परंपराओं में जड़ें जमाए एक नागरिक के रूप में मुझे यह सिखाता रहा है कि भारत की असली ताकत हर व्यक्ति की गरिमा, संवैधानिक नैतिकता की रक्षा और हमारी विविधता में एकता में निहित है। यह चुनाव केवल एक व्यक्ति के बारे में नहीं है। यह हमारे संस्थापकों द्वारा परिकल्पित भारत के विचार को पुनः स्थापित करने के बारे में है-ऐसा भारत जहाँ संसद ईमानदारी से कार्य करे, जहाँ असहमति का सम्मान हो और जहां संस्थाएं जनता की सेवा स्वतंत्रता और निष्पक्षता के साथ करें।”

उन्होंने कहा कि उपराष्ट्रपति, राज्यसभा के सभापति के रूप में संसदीय लोकतंत्र की सर्वोच्च परंपराओं की रक्षा की जिम्मेदारी निभाते हैं और यदि वह इस पद के लिए निर्वाचित हुए तो इस भूमिका को निष्पक्षता, गरिमा और संवाद तथा शिष्टाचार के प्रति दृढ़ प्रतिबद्धता के साथ निभाने का काम करेंगे।

श्री रेड्डी ने इंडिया गठबंधन का उन पर भरोसा जताने के लिए आभार व्यक्त किया और कहा कि वह नागरिकों के लिए न्याय, समानता और सद्भाव के इस सामूहिक संघर्ष में हमेशा अग्रणी भूमिका निभाएंगे।

 

 

Next Post

सिडनी में कार के नदी में गिरने से दो लोग लापता

Thu Aug 21 , 2025
सिडनी, 21 अगस्त (वार्ता) ऑस्ट्रेलिया के सिडनी में बुधवार देर रात एक कार के मैकडोनाल्ड नदी में गिर जाने से दो लोग लापता हो गए। न्यू साउथ वेल्स (एनएसडब्ल्यू) की पुलिस ने गुरुवार को एक बयान में कहा कि स्थानीय समयानुसार देर रात लगभग 11:50 बजे सिडनी से 70 किलोमीटर […]

You May Like