सिडनी, 21 अगस्त (वार्ता) ऑस्ट्रेलिया के सिडनी में बुधवार देर रात एक कार के मैकडोनाल्ड नदी में गिर जाने से दो लोग लापता हो गए।
न्यू साउथ वेल्स (एनएसडब्ल्यू) की पुलिस ने गुरुवार को एक बयान में कहा कि स्थानीय समयानुसार देर रात लगभग 11:50 बजे सिडनी से 70 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम में सेंट एल्बंस शहर के पास मैकडोनाल्ड नदी में एक कार के गिरने की सूचना मिलने पर आपातकालीन सेवाओं को बुलाया गया था।
दुर्घटना के बाद अधिकारी घटनास्थल पर पहुँचे। उन्होंने बताया कि कार के नदी में गिर जाने से उसमें सवार 20 वर्षीय एक व्यक्ति तैरकर नदी के किनारे पहुँच गया था, जबकि वाहन में सवार दो अन्य लोगों का कोई पता नहीं चल पाया।
एनएसडब्ल्यू राज्य आपातकालीन सेवा और ग्रामीण अग्निशमन सेवा ने लापता लोगों की तलाश शुरू कर दी है।
अधिकारियों ने न्यू साउथ वेल्स में भारी बारिश के कारण लोगों को संभावित बाढ़ के लिए तैयार रहने हेतु व्यापक चेतावनी जारी की।
मौसम विज्ञान ब्यूरो ने बुधवार को कहा कि राज्य में गुरुवार को भारी बारिश होने की संभावना है।
