
बेहरी/बागली। सोमवार को क्षेत्र में हुई तेज बारिश के चलते बेहरी मुख्यालय से निकली गुनेरी नदी व भोमिया जी समीप राजगढ़ की नदी का जलस्तर बढ़ने से दोपहर 3 बजे देखते ही देखते नदी का पानी बढ़ता गया और रपटे के ऊपर से बहने लगा। इससे सुरक्षा की दृष्टि से दोनों ओर राहगीरों की आवाजाही रुक गई।
रपटे के ऊपर पानी अधिक होने से आसपास के 15 से अधिक गांवों के लोगों का तहसील मुख्यालय से 4 घंटे संपर्क कट गया। 4 घंटे तक मुसीबत में फंसे लोगो को बहुत परेशानी हुई हालांकि यहां पर जिम्मेदार पंचायत कर्मी औरपुलिसकर्मी अनुपस्थिति रहे जिसके चलते आने जाने वाले राहगीर जान जोखिम में डाल कर उफनती नदी पार करते रहे। ग्रामीणों ने बताया, देर शाम तक नदी का रौद्र रूप बना रहा। बेहरी बागली मार्ग पर यातायात बंद रहने से नदी के किनारे खड़े लोग पानी में भीगते रहे। यहां कुछ स्थान ऐसे हैं। जहां पास में ठहरने के लिए जगह भी नहीं है। ग्रामीणों का कहना है कि दोनों नदी की निकासी बहुत छोटी होने की वजह से यह स्थिति बार-बार निर्मित हो जाती है। समय अधिक होने से बच्चे परेशान होकर रोने लगते हैं। नदी के पास सुलभ शौचालय नहीं होने से महिलाएं परेशान होती रही । इस बार तो पानी का प्रकोप इतना अधिक रहा की अलग-अलग चार स्थानों पर आने जाने वाले फस गए बेहरी में उस पार बड़ी संख्यामें महिला पुरुष फंसे दिखाई दिए जिन्हें बागली मुख्यालय पर आना था। वहीं भोमिया जी मंदिर और बेहरी की नदी में पानी अधिक होने से इसके मध्य में भी कुछ लोग फंसे रहे बागली तरफ से बेहरी जाने वाले लोग भी देर शाम तक पानी की वजह से अटके रहे।
