राहुल गांधी को करणी सेना की कथित धमकी पर भड़कीं कांग्रेस

नई दिल्ली 19 फरवरी (वार्ता) लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को करणी सेना के एक कथित कार्यकर्ता द्वारा गोली मारने की धमकी दिए जाने के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया है। कांग्रेस ने इस मामले को गंभीर सुरक्षा चूक बताते हुए केंद्र सरकार पर हमला बोला है। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि भाजपा और संघ परिवार के संगठनों ने जो माहौल बनाया है उसमें श्री गांधी को संसद में बोलने तक नहीं दिया जा रहा है। विपक्ष के नेता का सम्मान नहीं किया जा रहा है।

श्री वेणुगोपाल ने आरोप लगाया कि करणी सेना के एक कार्यकर्ता ने श्री गांधी और 25 सांसदों को मार डालने की धमकी दी है लेकिन इस पर अभी तक कोई एफआईआर दर्ज नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि यह अराजकता का स्पष्ट मामला है। उन्होंने आगे कहा, ”हम जानते हैं कि अपने विपक्ष के नेता की रक्षा कैसे करनी है। राहुल गांधी भी जानते हैं कि अपनी रक्षा कैसे करनी है, उन्हें अपनी जान की कोई परवाह नहीं है।” कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने भी इस मामले पर सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने लिखा कि पूरा “आरएसएस-भाजपा तंत्र एक गोडसे फैक्ट्री है।” उन्होंने आरोप लगाया कि करणी सेना की कथित धमकी कोई अलग-थलग घटना नहीं, बल्कि एक सुनियोजित साजिश का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि हाल के दिनों में भाजपा नेताओं द्वारा यह बयान दोहराया जा रहा है कि राहुल गांधी “राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा” हैं। यह विपक्ष को बदनाम करने और राजनीतिक प्रतिद्वंद्वियों के खिलाफ माहौल बनाने की कोशिश है।

Next Post

डीआरडीओ ने गगनयान मिशन के लिए ड्रोग पैराशूट का सफल भार परीक्षण किया

Thu Feb 19 , 2026
नयी दिल्ली 19 फरवरी (वार्ता) भारत ने अपने पहले मानव अंतरिक्ष मिशन की यात्रा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए गगनयान कार्यक्रम के लिए ड्रोग पैराशूट का सफल भार परीक्षण किया है। रक्षा मंत्रालय ने गुरुवार को बताया कि यह परीक्षण रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) की टर्मिनल […]

You May Like