फर्जी बैंक खातों से लाखों के लेन-देन करने वाला गिरोह गिरफ्तार

कटनी। फर्जी बैंक खाते खुलवाकर अवैध रूप से लाखों रुपये के लेन-देन करने वाले गिरोह का कोतवाली पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं नगर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक राखी पाण्डेय के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।

आज रबर फैक्ट्री रोड निवासी अभिषेक तोमर ने थाना कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई कि उसके मित्र योगेश सिंह ठाकुर ने उसे व्यापार के नाम पर बैंक खाता खुलवाने को कहा और हर माह 10 से 15 हजार रुपये देने का लालच दिया। खाते के खुलने के बाद योगेश ने पासबुक, एटीएम कार्ड और खाते से लिंक मोबाइल सिम अपने पास रख लिया।

कुछ ही दिनों में खाते से लाखों रुपये का लेन-देन होने लगा, जिसकी जानकारी फरियादी को बैंक से मिली। जब उसने पूछताछ की तो आरोपी ने लेन-देन से दूर रहने की धमकी दी। इसके बाद फरियादी को ठगी का अहसास हुआ और उसने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई।

पुलिस ने आरोपी योगेश सिंह ठाकुर को गिरफ्तार कर पूछताछ की, जिसमें उसने बताया कि वह लोगों को पैसों का लालच देकर उनके नाम से खाते खुलवाता था और खाते से जुड़े दस्तावेज अन्य साथियों को सौंप देता था। इस आधार पर पुलिस ने हर्ष नागवानी और अग्निज उर्फ सैम चंदनानी को भी गिरफ्तार किया।

जांच में पाया गया कि फरियादी के खाते से मात्र तीन दिनों में लगभग 6 लाख 35 हजार रुपये का संदिग्ध लेन-देन हुआ है। पुलिस अन्य खातों की भी जानकारी संबंधित बैंकों से जुटा रही है।

गिरफ्तार आरोपी:

योगेश सिंह ठाकुर (31 वर्ष)

हर्ष नागवानी (26 वर्ष)

अग्निज उर्फ सैम चंदनानी (32 वर्ष)

बरामद सामग्री:

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 7 बैंक पासबुक, 7 एटीएम कार्ड तथा खातों से लिंक सिम कार्ड बरामद किए हैं।

इस मामले में एक अन्य आरोपी रजनी यादव फरार है, जिसकी तलाश जारी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि खातों में पैसा कहां से आ रहा था और किस प्रयोजन से इनका उपयोग किया जा रहा था।

Next Post

भोपाल निगमायुक्त संस्कृति जैन को बड़ी राहत

Wed Feb 18 , 2026
जबलपुर। मप्र हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस संजीव सचदेवा व जस्टिस विनय सराफ की युगलपीठ ने बुधवार को नगर निगम भोपाल की आयुक्त संस्कृति जैन के विरुद्ध अवमानना की कार्रवाई निरस्त कर दी। जबकि एकलपीठ के समक्ष मूल याचिका पर सुनवाई जारी रहने की व्यवस्था दी है। दरअसल इस मामले में […]

You May Like