
सीहोर। बुधवार को राज्य सरकार द्वारा प्रस्तुत बजट में सीहोर जिले के लिए विकास की नई राह खोलने वाली कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की गई हैं. बजट में अधोसंरचना, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई और शहरी विकास से जुड़े प्रावधानों ने जिलेवासियों को बड़ी उम्मीद दी हैं. कई गांवों में किसानों ने खुशी जताते हुए जमकर नृत्य किया.
मध्य प्रदेश विधानसभा में बुधवार को पेश किए गए बजट में जिले को बड़ी सौगात मिली है. जिले में सड़क परियोजनाओं के लिए करोड़ों रुपए की स्वीकृति दी गई है. इसमें सबसे प्रमुख मालीबाया-झोलियापुर-वीरपुर मार्ग है, जिसके 33 किलोमीटर लंबे उन्नयन कार्य के लिए 75 करोड़ रुपए मंजूर किए गए हैं. इसके अलावा जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए कई अन्य मार्गों का भी निर्माण किया जाएगा.
सरकार ने सड़कों के उन्नयन और ग्रामीण संपर्क मार्गों के विस्तार के लिए विशेष राशि का प्रावधान किया है. इससे गांवों से शहर तक आवागमन सुगम होगा और व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा. साथ ही, शहरी क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति और सीवरेज व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए भी बजट आवंटन किया गया है. इसी तरह स्वास्थ्य क्षेत्र में जिला अस्पताल के उन्नयन, नए स्वास्थ्य केंद्रों की स्थापना और आधुनिक उपकरणों की व्यवस्था की घोषणा की गई है। शिक्षा के क्षेत्र में नए स्कूल भवन, छात्रावास तथा डिजिटल सुविधाओं के विस्तार का प्रावधान किया गया है. कृषि प्रधान जिले को ध्यान में रखते हुए सिंचाई परियोजनाओं और लघु जल संरचनाओं के लिए विशेष पैकेज दिया गया है, जिससे किसानों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है. युवाओं के लिए कौशल विकास योजनाओं और रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण कार्यक्रमों को भी बजट में प्राथमिकता दी गई है. जनप्रतिनिधियों ने इसे सीहोर के विकास का रोडमैप बताते हुए स्वागत किया है, वहीं नागरिकों ने उम्मीद जताई है कि घोषणाएं धरातल पर शीघ्र उतरेंगी.
करोड़ों की लागत से बनेंगी यह सड़कें
सीहोर विधानसभा विधायक सुदेश राय की मांग पर बजट में जिले की अन्य महत्वपूर्ण सड़कों के लिए भी राशि आवंटित की गई है. कोठरी कला गवा खेड़ा मुलानी मार्ग- 3 किलोमीटर लंबी इस सड़क के लिए 4 करोड़ 32 लाख रुपए मंजूर किए गए हैं. श्यामपुर रोड से मूंज खेड़ा मार्ग-1 किलोमीटर लंबी सड़क 1 करोड़ 18 लाख रुपए में बनेगी. जुगराज पुरा जोड़ से सीलखेड़ा- डेढ़ किलोमीटर (1.5 किमी) लंबी सड़क के लिए 1 करोड़ 90 लाख रुपए स्वीकृत हुए हैं. सनखेड़ा से दौलतपुर- डेढ़ किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण 1 करोड़ 89 लाख रुपए में होगा. इसी तरह ग्राम छतरी से गोपालपुर: 3 किलोमीटर लंबी सड़क के लिए 3 करोड़ 61 लाख रुपए खर्च किए जाएंगे.
इन मार्गों के भी दिन बदलेंगे
जिले के ग्रामीण क्षेत्रों को मुख्य मार्गों से जोडऩे के लिए इन सड़कों का भी निर्माण होगा. बिलकिसगंज जोड़ से महिषासुर मंदिर- 2 किलोमीटर लंबी सड़क पर 2 करोड़ रुपए खर्च होंगे. इसी तरह ग्राम ढ़ेका से सिंगोड़ी- 2 किलोमीटर लंबी सड़क 3 करोड़ रुपए लागत से बनेगी. कादूखेड़ी नौगांव मार्ग- लगभग 4 किलोमीटर लंबी इस सड़क का निर्माण 3 करोड़ 36 लाख रुपए की लागत से होगा. लोरास कला से चक्की जोड- लगभग 2 किलोमीटर लंबी सड़क पर 2 करोड़ रुपए खर्च होंगे. कोरसा खेड़ी से कड़ोदिया-2 किलोमीटर लंबी सड़क भी 2 करोड़ रुपए की लागत से बनाई जाएगी.
बजट की सौगात से झूम उठे किसान
किसानों के लिए घोषित बजट ने पूरे ग्रामीण समाज में उत्साह व उम्मीद की नई रोशनी भर दी है. ग्राम चंदेरी, रामाखेड़ी, बिलकिस गंज, भोजनगर, खामलिया, लसूडिय़ा सहित दर्जनों गांवों के किसानों ने ढोल-ढमाकों के साथ सरकार का धन्यवाद किया. किसानों का कहना था कि यह बजट सिर्फ कागजों तक सीमित नहीं है, बल्कि जमीन से जुड़े हर किसान के जीवन में वास्तविक बदलाव लाने वाला है. बिना ब्याज के लाखों रुपए का ऋण मिलने से अब किसान साहूकारों के चंगुल से मुक्त होकर आत्मनिर्भर बन सकेंगे.
