ममलेश्वर मंदिर का होगा कायाकल्प, गर्भगृह में लगेगा एसी, भक्तों को मिलेंगी हाईटेक सुविधाएं

खंडवा। ओंकारेश्वर स्थित ममलेश्वर मंदिर की व्यवस्थाओं को विश्वस्तरीय बनाने की कवायद शुरू कर दी है। इंदौर संभाग के कमिश्नर डॉ. सुदाम खाड़े ने शनिवार को ओंकारेश्वर स्थित पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित बैठक और स्थलीय निरीक्षण के दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधाओं को केंद्र में रखते हुए मंदिर प्रबंधन को कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए।

सुगम दर्शन और छाया की व्यवस्था : संभागायुक्त ने मंदिर परिसर में लगी पुरानी लोहे की बेरिकेडिंग को तुरंत हटाने का आदेश दिया है। इसके स्थान पर अब श्रद्धालुओं की कतारबद्धता और सुरक्षा के लिए स्टेनलेस स्टील की जिग-जैग रेलिंग लगाई जाएगी। गर्मी और उमस से राहत देने के लिए कतारों में मिस्ट फैन और धूप-बारिश से बचाव के लिए पूरे मार्ग पर फाइबर कैनोपी व खुले स्थान पर स्थाई शेड लगवाने का निर्णय लिया गया है।

गर्भगृह का आधुनिकीकरण :मंदिर की आंतरिक व्यवस्था को सुधारते हुए कमिश्नर डॉ. खाड़े ने ममलेश्वर मंदिर के गर्भगृह में एयर कंडीशनर लगाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, मंदिर की पुरानी इलेक्ट्रिक वायरिंग को दुरुस्त करने और बिजली जाने की स्थिति में निर्बाध आपूर्ति के लिए उच्च क्षमता वाले जनरेटर का इंतजाम करने को कहा गया है। वृहदकालेश्वर मंदिर की मूर्तियों को सुरक्षित रखने के लिए अलग से टीन शेड का निर्माण भी कराया जाएगा।

प्रसादम और अन्य जनसुविधाएं :भक्तों की सुविधा के लिए नार्मदीय धर्मशाला के बंद पड़े शौचालयों को बिजली, पानी और साफ-सफाई की व्यवस्था के साथ तत्काल शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अतिरिक्त, मंदिर परिसर में अब लड्डू प्रसाद काउंटर और उद्घोषणा केंद्र भी संचालित होंगे। भीड़ के समय सभी को दर्शन सुलभ हो सकें, इसके लिए परिसर में एक बड़ी एलईडी स्क्रीन भी लगाई जाएगी।

Next Post

किन्नर सितारा गुरु ने अपनाया सनातन धर्म वैदिक मंत्रोच्चार के बीच बनीं सीता

Mon Feb 16 , 2026
खंडवा। शहर में सोमवार को एक अनूठा आयोजन देखने को मिला। महादेवगढ़ मंदिर में मुस्लिम समुदाय से ताल्लुक रखने वालीं किन्नर गुरु वाहिद अहमद उर्फ सितारा गुरु ने सनातन धर्म अपना लिया है। वैदिक रिवाज और मंत्रोच्चार के साथ संपन्न हुई इस घर वापसी की प्रक्रिया के बाद उन्हें नया […]

You May Like