जबलपुर:कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह ने आज नगर निगम, विद्यालयों और राजस्व प्रकरणों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर बैठकें आयोजित की। बैठक में अधिकारियों को स्वच्छता, सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, पुस्तक मेला, नशा मुक्ति, मानसिक स्वास्थ्य और राजस्व प्रकरणों के त्वरित निपटान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
नगर निगम क्षेत्र में स्वच्छता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश
कलेक्टर ने कहा कि गंदे नालों के पानी से सब्जी उगाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए। डॉग बाइट की घटनाओं पर नियंत्रण और तालाबों पर अतिक्रमण हटाने के साथ स्कूलों के पेयजल टंकियों की साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए। बैठक में नगर निगम कमिश्नर रामप्रकाश अहिरवार और अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
यातायात प्रबंधन और पुस्तक मेले को लेकर बैठक
कलेक्टर ने विद्यालय में यातायात प्रबंधन और पुस्तक मेले को लेकर बैठक में निर्देश दिए कि स्कूलों में 15 वर्ष से पुराने तथा एलपीजी वाहनों पर प्रतिबंध, स्कूल बसों में स्पीड गवर्नर, हेलमेट अनिवार्यता और मुख्य द्वार पर सीसीटीवी व वालेंटियर की उपस्थिति सुनिश्चित की जाए। नशा मुक्ति जागरूकता, मानसिक स्वास्थ्य काउंसलिंग और पुस्तक एवं यूनिफॉर्म की सहज उपलब्धता भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
राजस्व प्रकरणों का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निपटान
कलेक्टर ने राजस्व अधिकारियों की बैठक में मुख्य रूप से राजस्व प्रकरणों केनामांतरण, सीमांकन, ई-केवायसी लिंकिंग, भू-अर्जन और भू-भाटक प्रीमियम वसूली जैसे प्रकरणों में तेजी लाने के निर्देश दिए। सभी एसडीएम और तहसीलदार लंबित शिकायतों की समीक्षा करेंगे और किसानों के साथ आवश्यक बैठक करेंगे। बैठक में जिला पंचायत और सभी राजस्व अधिकारी मौजूद थे।
