रीवा :रीवा। कांग्रेस कार्यसमिति (CWC) सदस्य कमलेश्वर पटेल ने कहा कि मध्य प्रदेश कांग्रेस प्रदेश भर में चरणबद्ध जनआंदोलन शुरू कर रही है। यह आंदोलन प्रदेश के युवाओं, किसानों और आम जनता के अधिकारों की रक्षा तथा सरकार की जवाबदेही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चलाया जाएगा। श्री पटेल बुधवार को सर्किट हाउस में पत्रकारों से चर्चा करते हुए बताया कि
मध्य प्रदेश में लाखों युवाओं का भविष्य लगातार संकट में डाला जा रहा है। नीट एवं सीबीएसई परीक्षा से जुड़े विवादों और विद्यार्थियों की शिकायतों ने शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगाए हैं। प्रभावित विद्यार्थियों ने न्याय की गुहार लगाई, लेकिन उन्हें समय पर राहत नहीं मिली।
उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश कांग्रेस लगातार छात्रों के साथ खड़ी रही है और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष श्री राहुल गांधी ने भी विद्यार्थियों के साथ हुए कथित अन्याय का मुद्दा राष्ट्रीय स्तर पर उठाया। इन्हीं मुद्दों को लेकर प्रदेश कांग्रेस “छात्रों की गूंज” अभियान के माध्यम से प्रदेशभर में विद्यार्थियों के बीच जाएगी और शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता तथा जवाबदेही की मांग करेगी।
दूसरा मुद्दा किसानों के साथ अन्याय का है
उन्होने कहा कि खरीफ सीजन के बीच प्रदेश का किसान गंभीर संकट से गुजर रहा है। किसानों को समय पर खाद उपलब्ध नहीं हो रही है। अनेक स्थानों पर डीएपी उपलब्ध नहीं है, एनपीके ऊंचे दामों पर मिल रही है और खाद वितरण की व्यवस्था पूरी तरह अव्यवस्थित हो चुकी है।
उन्होंने आरोप लगाया कि टोकन व्यवस्था के कारण किसानों को कई-कई दिन तक इंतजार करना पड़ रहा है। अनेक स्थानों से खाद की कालाबाजारी और मनमाने दाम वसूले जाने की शिकायतें भी सामने आ रही हैं। किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त बिजली भी उपलब्ध नहीं हो रही,
उन्होंने कहा कि मूंग खरीदी का कोटा कम किए जाने तथा समर्थन मूल्य पर सीमित खरीद के कारण भी किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। कांग्रेस इन सभी मुद्दों को लेकर गांव-गांव तक आंदोलन चलाएगी।
तीसरा मुद्दा उज्जैन भूमि प्रकरण और जवाबदेही का है
श्री पटेल ने कहा कि उज्जैन भूमि प्रकरण को लेकर गंभीर प्रश्न उठाए गए हैं। मामले की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच कराकर सभी तथ्य सार्वजनिक किये जाना चाहिए।
