जबलपुर: दीनदयाल चौराहा पर ट्रैफिक जाम की समस्या दिन-ब-दिन गंभीर होती जा रही है। एक ओर शासन-प्रशासन यहां प्रस्तावित फ्लाईओवर की योजना कागजों पर तैयार कर रहा है, वहीं दूसरी ओर सड़कों पर राहगीर रोजाना जाम से जूझते नजर आ रहे हैं। दोपहर 2 बजे से शाम 4 बजे तक लगभग दो घंटे इस क्षेत्र में स्थिति सबसे अधिक खराब रहती है। आवागमन करने वाले लोग इस समस्या से बेहद परेशान हैं।
राहगीरों का कहना है कि जब तक कोई वैकल्पिक यातायात व्यवस्था या ट्रैफिक प्लान लागू नहीं किया जाता, तब तक इस जाम से राहत मिलना मुश्किल है।
दोनों ओर लगती हैं वाहनों की लंबी कतारें दोपहर 2 बजे के बाद जैसे ही बड़े ट्रकों और भारी वाहनों की आवाजाही बढ़ती है, जाम की स्थिति और बढ़ जाती है। दीनदयाल चौराहे से एक ओर कृषि उपज मंडी तक वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं, तो दूसरी ओर शासकीय आईटीआई तक बड़े और छोटे सभी प्रकार के वाहन फंसे रहते हैं। इस दौरान लोगों को घंटों जाम में फंसे रहना पड़ता है।
कब मिलेगी जाम से राहत?
शासन द्वारा पूर्व में आश्वासन दिया गया था कि दीनदयाल चौराहे पर जल्द ही फ्लाईओवर का निर्माण किया जाएगा, जिससे ट्रैफिक जाम की समस्या काफी हद तक कम हो जाएगी। हालांकि, फिलहाल यह योजना केवल कागजों तक सीमित दिखाई दे रही है। जमीनी स्तर पर न तो कोई ठोस ट्रैफिक प्लान लागू किया गया है और न ही समस्या के समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाए गए हैं।
