जबलपुर: मझौली थाना अंतर्गत सिहोरा रोड पीपल देवरी में 16 लाख 50 हजार रूपए के चना से लदा ट्रक लूटने और ड्राइवर के अपहरण के मामले में पुलिस गिरफ्त में आए एक आरोपी को गुरूवार को कोर्ट में पेश किया गया जहां से पुलिस ने उसे एक दिन की रिमांड पर ले लिया है। पकड़े गए आरोपी ने पूछताछ में अहम राज उगले। जिसके आधार पर पुलिस की एक टीम इंदौर रवाना हो गई जहां अन्य फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी गई है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही फरार आरोपित भी पुलिस गिरफ्त में होगे।
विदित हो कि संतोष सेन निवासी वार्ड नं. पांच लोको थाना कोतवाली जिला दमोह का ड्राईवरी का काम करता है। सोमवार रात्रि करीब 9 बजे गायात्री ट्रेडर्स दमोह से ट्रक क्रमांक एमपी 20 एचबी 5647 से 550 बोरी चना कीमती करीबन 16 लाख 50 हजार रुपया का भरकर दमोह से कटनी लेकर जा रहा था। सोमवार एवं मंगलवार की दरमियानी रात्रि 1:30 बजे जब वे सिहोरा रोड पीपल देवरी के आगे पहुंचा तो एक बिना नंबर की कार से चार बदमाश हथियारों से लैस होकर पहुंंचे थे और ट्रक को रोक लिया था। ट्रक ड्राइवर पर नशीला स्प्रे छिडक़र उसकी बेरहमी से पिटाई की थी। इसके बाद अरोपी चना से लदा ट्रक लेकर भाग गए। ड्राइवर संतोष सेन को रास्ते में आश्रम के पास फेंक दिया था। मंगलवार सुबह संतोष को होश आया था। जब तक चना लदा ट्रक, नगद दस हजार, एक मोबाइल लुट चुका था।
तीन दिन की डिमांड, मिली एक दिन की रिमांड
चना से लदा ट्रक लूटकर भाग रहे सागर गोयल को शहपुरा पुलिस ने गोटेगांव रोड पर घेराबंदी कर दबोचा था। जबकि ट्रक में सवार धर्मेन्द्र ट्रक से कूदकर भाग गया था। शहपुरा पुलिस ने सागर के साथ चना से लदा ट्रक मझौली पुलिस के हवाले कर दिया था। पुलिस ने सागर को गिरफ्तार कर पूछताछ की तो उसने साथियों के नाम उगले थे। सभी इंदौर निवासी है। गुरूवार को पुलिस ने सागर को न्यायालय में पेश किया जहां तीन दिन की रिमांड मांगी जिस पर कोर्ट ने एक दिन की पुलिस रिमांड पर उसे सौंप दिया है पुलिस अब आरोपी से बारीकी से पूछताछ कर रही है।
संभावति ठिकानों पर दबिश
सुमित अपने एक साथी के साथ कार से फरार हो गया था। जबकि धर्मेन्द्र ट्रक से कूदकर भागा था । पुलिस अब फरार तीनों आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। एक टीम इंदौर भी गई है जहां स्थानीय पुलिस के सहयोग से आरोपियों की तलाश जारी हे।
