
पन्ना। प्रदेश में यूं ही नहीं पिछड़े जिलों में गिना जाता है,यहां शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सारे प्रदेश के बाद मिलता है।सरकार की लाख कोशिशों के बावजूद आज भी पन्ना जिले में कई ग्राम ऐसे हैं जो सड़क,बिजली, पानी जैसी मूलभूत आवश्यकताओं से वंचित है। एक ऐसा ही मामला पन्ना जिले के पवई जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत हथकुरी के ग्राम पिपरिया तिवारी का प्रकाश मे आया है। जहां 200 लोगों की आबादी वाली दलित बस्ती की जहां आजादी के बाद भी सड़क मार्ग न होने से रहवासी नरकीय जीवन जीने मजबूर हैं। बारिश के चार माह उन्हें काला पानी की सजा जैसे बिताने पड़ते हैं, उनका बाहरी दुनिया से संपर्क न के बराबर होता है,जिसकी वजह है बस्ती तक पहुंच मार्ग का न होना। ग्राम आज भी पहुंच मार्ग से वंचित है। गांव में यदि कोई बीमार होता है तो उन्हें कंधों या डोली के सहारे ही अस्पताल तक जाना पड़ता है। ग्राम में आज भी कई बुजुर्ग ऐसे हैं,जिनकी सड़क को देखने के लिए आंखें तक पथरा गई हैं, और आज तक उन्हें सड़क मार्ग नसीब नहीं हुआ। ग्राम की लगभग 65 वर्षीय हक्की बाई जिसको उसके परिजनों के द्वारा डोली पर बैठा कर अस्पताल इलाज के लिए ले जाया गया । कई बार शासन प्रशासन से ग्रामीणों के द्वारा पहुंच मार्ग के लिए आवेदन दिया गया। लेकिन उसके बाद भी आज तक सड़क जैसी मूलभूत सुविधा नहीं मिली। सोचने वाली बात तो यह है कि विकास के लाख दावे करने वाली सरकार एवं जिले के जनप्रतिनिधियों क्या उन्हें इन ग्रामीणों का दर्द नहीं दिखता क्या ग्रामीणों को सड़क नसीब होगी और कब तक होगी यह देखने वाली बात है।
किसी तपस्या से कम नहीं है छात्रो का विद्यालय पहुंचनाः- इस बस्ती में लगभग एक दर्जन विद्यार्थी हैं जो बरसात के दिनों में पहुंच मार्ग न होने की वजह से विद्यालय नहीं जा पाते,ग्राम की महिला सुमित्रा वंशकार ने बताया कि गांव में सड़क मार्ग न होने से वाहन न आने के कारण मेरे बीमार पति की मौत भी बीते महीनो पहले हो चुकी है । इसी तरह ग्राम की गर्भवती महिलाओं को भी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
क्या कहते हैं अधिकारीः- वही जब इस मामले को लेकर जनपद पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी अखिलेश उपाध्याय से बात की गई तो उन्होंने कहा कि आप लोगों के माध्यम से जानकारी प्राप्त हुई है बरसात में वैकल्पिक व्यवस्था की जाएगी ताकि आवागमन हो सकें, वर्षा उपरांत जिला पंचायत में प्रस्ताव पारित कराके सड़क मार्ग निर्माण की कार्यवाही की जाएगी।
