
भोपाल। डीआईजी और एसपी भोपाल (ग्रामीण) ने गुरुवार को विद्यार्थियों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई. “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान के तहत एलएनसीटी कॉलेज के सभागार में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया.
उप पुलिस महानिरीक्षक राजेश कुमार चंदेल ने इस मौके पर कहा कि विद्यार्थियों से नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय सहभागिता निभाने तथा इस जन-जागरूकता अभियान को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की. पुलिस अधीक्षक पंकज कुमार पांडे ने विद्यार्थियों को नशे के शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं पारिवारिक दुष्प्रभावों से अवगत कराया. इस अवसर पर जी.के.एफ. नशामुक्ति केंद्र द्वारा सौरभ दंडोतिया के निर्देशन में नशे के दुष्प्रभावों पर आधारित माईम आर्ट व लघु नाटिका की प्रस्तुति दी गई. प्रस्तुतियों में नशे की लत से पीड़ित व्यक्ति के जीवन, परिवार एवं समाज पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों का सजीव मंचन किया गया. अंत में सभी उपस्थित छात्र-छात्राओं, कॉलेज स्टाफ एवं पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई. सभी ने स्वयं किसी भी प्रकार का नशा न करने, नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार, मित्रों एवं परिचितों को भी नशे के विरुद्ध जागरूक करने का संकल्प लिया. कार्यक्रम में एसडीओपी बिलखिरिया अंतिम समाधिया, एसडीओपी ईटखेड़ी मंजू चौहान, एलएनसीटी कॉलेज के डीन अनिल गुप्ता, थाना प्रभारी उमेश चौहान, कॉलेज प्रबंधन, पुलिस अधिकारी-कर्मचारी, तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे.
