इंदौर: चंदन नगर क्षेत्र में हुए अंधे कत्ल का पुलिस ने महज कुछ ही दिनों में पर्दाफाश कर दिया. पेशेवर अंदाज और सतर्कता से की गई कार्रवाई में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों ने मौज-मस्ती के लिए रुपए जुटाने की नीयत से लूट की योजना बनाई थी, लेकिन विरोध करने पर युवक की बेरहमी से हत्या कर दी थी.
पुलिस ने बताया कि 9 अगस्त को अर्जुन यादव घर से काम पर निकले थे, लेकिन लौटे नहीं.
अगले दिन हरिनगरवा ईंट भट्टे के पास नाले में उनका शव मिला, जिस पर चाकू के 17-18 गहरे घाव थे. चंदन नगर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी, डीसीपी डॉ. ऋषिकेश मीना के निर्देशन में तीन विशेष टीम गठित की गईं. एफएसएल, डॉग स्क्वॉड और फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट की मदद से जांच आगे बढ़ाई गई. मौके से मृतक की चप्पल और संदिग्ध की छोड़ी हुई चप्पल पुलिस के लिए अहम सुराग बनी.
इसके बाद करीब 700 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए. फुटेज में दिखी स्प्लेंडर बाइक और उस पर सवार तीन युवकों की गतिविधियों ने संदेह पुख्ता कर दिया. बाइक चालक टोपी पहनकर पहचान छुपाने की कोशिश कर रहा था, जबकि पीछे बैठा युवक नंगे पांव नजर आया. यही सुराग पुलिस को आरोपियों तक ले गया. टीम प्रभारी उपनिरीक्षक राम कुमार रघुवंशी और उपनिरीक्षक सौरभ कुशवाह की मेहनत से आरोपी सगीर पिता जाकिर हुसैन, आवेश उर्फ सन्नी चिल्लर पिता अहमद हुसैन और समीर उर्फ गुड्ढा पिता खालिद अब्बासी उम्र 19 वर्ष को गिरफ्तार कर लिया.
लूट की नीयत से वारदात
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि लूट की नीयत से वारदात की गई थी और पहचान मिटाने के लिए मृतक पर चाकू से वार कर हत्या कर दी. पुलिस ने आरोपियों से मृतक का मोबाइल, आधार कार्ड, नगदी, वारदात में प्रयोग चाकू, मोटरसाइकिल और खून से सने कपड़े बरामद किए हैं. डीसीपी ने खुलासे में अहम भूमिका निभाने वाली टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की है.
