ब्राजील के राष्ट्रपति सिल्वा 18 से 22 फरवरी तक भारत की यात्रा पर रहेंगे

नयी दिल्ली, 12 फरवरी (वार्ता) ब्राज़ील के राष्ट्रपति लुइज़ इनासियो लूला दा सिल्वा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के निमंत्रण पर 18 से 22 फरवरी तक भारत की राजकीय यात्रा पर रहेंगे। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने गुरुवार को यह जानकारी देते हुए कहा, “राष्ट्रपति लूला 19 से 20 फरवरी के बीच दिल्ली में आयोजित होने वाले दूसरे एआई सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। भारत और ब्राज़ील के बीच द्विपक्षीय वार्ता का मुख्य दिन 21 फरवरी होगा।” उन्होंने बताया कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु श्री सिल्वा की मेज़बानी करेंगी और उपराष्ट्रपति तथा कुछ अन्य गणमान्य व्यक्ति उनसे मुलाकात करेंगे।

राष्ट्रपति लूला के साथ एक मंत्रिस्तरीय और व्यापारी प्रतिनिधिमंडल भी होगा। प्रतिनिधिमंडल के साथ जुड़ने के लिये कई आयोजनों की योजना बनायी गयी है, जिससे भारत-ब्राज़ील के आर्थिक, तकनीकी और रणनीतिक रिश्ते और मज़बूत होंगे। उनकी यह यात्रा बढ़ती भारत-ब्राज़ील रणनीतिक साझेदारी को दर्शाती है और ऐसे समय में हो रही है जब दोनों देश डिजिटल तकनीक, सतत विकास, व्यापार और नवाचार जैसे क्षेत्रों में सहयोग को बढ़ाने का प्रयास कर रहे हैं। इससे पूर्व प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ब्राज़ील के राष्ट्रपति के आमंत्रण पर गत वर्ष जुलाई में ब्राज़ील की राजकीय यात्रा की थी। यह यात्रा दोनाें देशों के बीच दोस्ती और भरोसे की भावना का प्रतीक थी जो लगभग आठ दशकों से ब्राज़ील-भारत रिश्तों की नींव रही है।

Next Post

सरकार ने 3.60 लाख करोड़ के रक्षा सौदों को मंजूरी दी, वायु सेना को मिलेंगे 114 राफेल लड़ाकू विमान

Thu Feb 12 , 2026
नयी दिल्ली 12 फरवरी (वार्ता) फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों की अगले सप्ताह की भारत यात्रा से पहले सरकार ने वायु सेना के लिए फ्रांस से अतिरिक्त बहुउद्देशीय लड़ाकू विमान राफेल की दो दशक से भी अधिक समय से लटकी पड़ी खरीद के प्रस्ताव को गुरुवार को हरी झंडी दिखा […]

You May Like